आधी रात 35 फीट गहरे कुएं में गिरी कार:बैतूल में मोड़ पर अनियंत्रित होने से हादसा, तीन घायल; दो के हाथ-पैर टूटे




बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात भैंसदेही-आठनेर रोड पर गुदगांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 35 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि दो युवकों को हाथ-पैर टूट गए। यह हादसा रात करीब 1 बजे हुआ। बताया गया है कि कार में सवार युवक एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अमरावती लौट रहे थे। गुदगांव के पास मोड़ पर कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद वह लगभग 10 फीट ढलान पार करते हुए सड़क से करीब 20 फीट दूर स्थित कुएं में जा गिरी। जैसे तैसे एक युवक कुएं से खुद निकला
हादसे के बाद कार सवार एक युवक ने कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 3 बजे कुएं से बाहर निकलने में सफलता पाई। उसने खेतों में सो रहे स्थानीय ग्रामीणों को आवाज लगाकर मदद मांगी। ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही भैंसदेही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से बचाव अभियान शुरू किया गया। पांच घंटे ग्रामीणों को रेस्क्यू चला
करीब पांच घंटे के बचाव अभियान के बाद कार में फंसे दो अन्य युवकों को भी बाहर निकाला जा सका। कुएं में लगभग तीन फीट पानी था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस हादसे में एक युवक का हाथ टूट गया, जबकि दूसरे के पैर में गंभीर चोट आई है। एक युवक कार के गेट में फंसा हुआ था, जिसे काफी प्रयासों के बाद बाहर निकाला गया। घायलों की पहचान राहुल पिता गजानंद (36) निवासी अडवी, जिला अमरावती; कृष्णा बोकदे पिता प्यारेलाल (36) निवासी कन्नौद; और सत्यम तोमर निवासी मुरैना के रूप में की गई है। बचाव कार्य में एसआई आशीष कुमरे, आरक्षक परसराम लोखंडे, आरक्षक नरेंद्र, अमर सिंह चौहान, शैलेंद्र मोरे, अशोक अडलक सहित गुदगांव और धामनगांव के ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खेत मालिक श्री मस्की ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *