आम के पेड़ पर युवक का शव मिला:परिवार ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच जारी




बरेली। भुता थाना क्षेत्र के नवदिया गांव में रविवार सुबह 30 वर्षीय शैलेंद्र सिंह का शव गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिवार ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के परिजनों ने बताया कि शैलेंद्र सिंह का अपने रिश्तेदारी पक्ष से पिछले कुछ समय से लगातार विवाद चल रहा था। करीब एक माह पहले उनकी चचेरी भाभी नीतू सिंह से कहासुनी हुई थी, जिसे गांव वालों ने शांत करा दिया था। इसके बाद लगभग छह दिन पहले यह विवाद फिर बढ़ गया और मारपीट तक पहुंच गया। परिजनों के अनुसार, इस दौरान नीतू सिंह ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों को बुलाकर शैलेंद्र सिंह के साथ मारपीट कराई थी। शैलेंद्र ने इस मामले में भुता थाने में तहरीर भी दी थी। परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उनकी हत्या की साजिश रची गई है। आम के पेड़ पर उनका शव लटका मिला रविवार सुबह शैलेंद्र घर से निकले थे। कुछ देर बाद गांव के पास आम के पेड़ पर उनका शव लटका हुआ पाया गया। परिवार का कहना है कि उन्हें आत्महत्या की बात पर भरोसा नहीं है और शैलेंद्र की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही भुता पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस परिजनों के आरोपों और पहले हुए विवाद की भी गहनता से जांच कर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, शैलेंद्र और रिश्तेदारी पक्ष के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। पहले कई बार पंचायतों में समझौते हुए, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हो सका था। अब युवक की संदिग्ध मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *