आलीराजपुर में 65 लाख की 800 पेटी बीयर जब्त:तस्कर ट्रक छोड़ जंगल में भागे, पंजाब लाई गई थी खेप




आबकारी विभाग ने जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जोबट क्षेत्र के रामपुरा जंगल में विभाग ने लगभग 65 लाख रुपए मूल्य की 800 पेटी अवैध बीयर जब्त की। इस दौरान तस्कर एक ट्रक, पिकअप वाहन और एक टैंक मौके पर छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गए। आबकारी विभाग के अफसरों का कहना है कि बीयर की ये खेप पंजाब से लाई गई थी। जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामपुरा क्षेत्र में रवि के घर के पास नाले के समीप अवैध बीयर उतारी जा रही है। इस सूचना पर जिला आबकारी अधिकारी राधेश्याम राय के निर्देश पर एक टीम गठित कर तत्काल दबिश दी गई। दूसरे वाहनों में की जा रही थी अनलोड छापेमारी के दौरान, आबकारी अधिकारियों ने पाया कि एक ट्रक से माउंट बीयर, लेमोंट और पावर कैन बीयर की पेटियां उतारकर पिकअप तथा अन्य छोटी गाड़ियों में भरी जा रही थीं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह शराब पंजाब और मध्यप्रदेश से लाई गई थी। इसे जिले और आसपास के क्षेत्रों में बेचने की तैयारी थी। आबकारी टीम के मौके पर पहुंचते ही तस्करों में भगदड़ मच गई। आरोपी अपने वाहन, टैंक और बड़ी मात्रा में शराब छोड़कर जंगल के रास्ते भाग निकले। विभाग ने ट्रक और पिकअप वाहन को जब्त कर टोचन की सहायता से जिला आबकारी गोदाम पहुंचाया। मौके पर मौजूद टैंक को खाली करवाकर पूरा अवैध माल भी जब्त कर लिया गया। 800 पेटी माल बरामद विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई में कुल 800 पेटी अवैध बीयर बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपए है। मामले में प्रकरण दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान शराब तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों और उनकी सप्लाई चेन का भी खुलासा हो सकता है। इस कार्रवाई में आबकारी विभाग की टीम के जयश्री त्रिपाठी, मोहित बिरला और गंभीर सिंह वास्कले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *