भास्कर न्यूज | बालोद जिला मुख्यालय से 32 किमी दूर ग्राम आसरा से खेरथा बाजार सरहद तक 2.6 किमी सड़क खराब होने से 10 गांव के लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। बेमौसम बारिश के अलावा घरों का पानी बड़े व छोटे आकार के गड्ढों में भर गया है। इस वजह से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। बदहाल सड़क की वजह से अछोली, कापसी, खेरथा, संजारी, गंजईडीह, कोटेरा सहित आसपास 10 गांव के लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। गांव के संतोष रात्रे, अशोक सोनकर, नोहर सिंह सोनकर, संतराम सोनकर ने बताया कि वर्ष 2017 में सड़क का डामरीकरण हुआ था। वर्तमान स्थिति ऐसी है कि डामर गायब है, गड्ढों की वजह से आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्राम पंचायत आसरा के सरपंच रामनरेश सोनकर, उप सरपंच रामलाल ने बताया कि सुशासन तिहार में आयोजित शिविर में सड़क को संवारने के लिए आवेदन दे चुके हैं। गांव की सड़क बदहाल हो चुकी है। गड्ढों में हर साल मुरुम डलवाते हैं लेकिन बारिश होने के बाद स्थिति जस की तस हो जाती है। डामरीकरण होने के बाद स्थायी समाधान होगा, राहत मिल पाएगी। मुख्य मार्ग से पंचायत भवन तक एक किमी के दायरे में 50 से ज्यादा छोटे व बड़े आकार के गड्ढे होने से परेशान हो रहे हैं। डौंडीलोहारा जनपद पंचायत के सदस्य अछोली निवासी लखन आर्य ने बताया कि बदहाल सड़क को लेकर डौंडीलोहारा विधानसभा की विधायक अनिला भेड़िया से मंगलवार को निवास स्थल में मुलाकात किया हूं। गौरवपथ बनाने की मांग किए हैं। मेरी जानकारी में यह सड़क पीडब्ल्यूडी के अधीन हैं। किस विभाग के अधीन यह सड़क है, इस संशय की स्थिति की वजह से अब तक सड़क को संवारने किसी ने ध्यान नहीं दिया। ग्रामीण रामाधर, ओमप्रकाश ठाकुर, रहिपाल भुआर्य, बलीराम भुआर्य, भीषम ने बताया कि सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी हैं कि रात में जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ता है। सड़क संकरी होने से की वजह से हादसे का खतरा है। गड्ढों में पानी और अगल-बगल कीचड़ होने से फिसलने का खतरा है। प्राथमिक से लेकर हाईस्कूल, हायर सेकेण्डरी स्कूल पहुंचने में बच्चों को परेशानियों से जूझना पड़ता हैं। ग्राम पंचायत आसरा के बगल मंे प्राथमिक व माध्यमिक शाला संचालित है। संबंधित अफसरों से चर्चा करुंगी डौंडीलोहारा विधायक अनिला भेड़िया ने बताया कि आसरा से खेरथा बाजार के अलावा क्षेत्र की जितने भी सड़कें खराब स्थिति में है, उसको संवारने के लिए संबंधित विभाग के अफसरों से चर्चा करुंगी। कई सड़क पीडब्ल्यूडी तो कई सड़क पीएमजीएसवाई व अन्य विभाग के अधीन हैं। जपं क्षेत्र के सदस्य ने सड़क को संवारने के संबंध में मुलाकात कर चर्चा किया है। मानसून सीजन के पहले सड़कों की स्थिति सुधारने विभागीय अफसरों को ध्यान देने की जरूरत है ताकि ग्रामीणों को परेशानी न हो। जल्द से जल्द ही ग्रामीणों को इस तरह के जर्जर व बदहाल सड़क से राहत मिलेगी। ग्रामीणों का कहना है कि एक साल पहले पीडब्ल्यूडी कार्यालय में गए थे, तब अफसरों ने जानकारी दी थी कि यह सड़क ग्रामीण विकास विभाग के अधीन है। लेकिन 2017 मंे पीडब्ल्यूडी की निगरानी मंे डामरीकरण कार्य हुआ था। इस वजह से संशय की स्थिति में है कि यह सड़क किस विभाग के अधीन है।
Source link
आसरा से खेरथा बाजार तक तीन किमी सड़क खराब, गड्ढों के कारण लोगों की परेशानी बढ़ी











Leave a Reply