इंदौर एयरपोर्ट डायरेक्टर पर भ्रष्टाचार और अभद्रता के आरोप:पीएमओ तक पहुंची गाली-गलौज, टेंडर घोटाले की शिकायत, दिल्ली से आई जांच टीम




इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO), नागरिक उड्डयन मंत्री, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) मुख्यालय और स्थानीय सांसद को शिकायत भेजी गई है। शिकायत में भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितताओं और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज रायजादा द्वारा की गई शिकायत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। पीएमओ के हस्तक्षेप के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने जांच शुरू कर दी है। इन आरोपों पर एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार ने सभी दावों को निराधार और तथ्यहीन बताया है। एयरपोर्ट पीआरओ रामस्वरूप यादव ने इस पूरे मामले को लेकर कहा है की यह सभी आरोप निराधार है, जाँच दल अपनी जाँच पूरी करने रवाना हो गया है। वहीं पीएमओ की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। दिल्ली से पहुंची हाई लेवल जांच टीम सोमवार को एएआई की उच्चस्तरीय टीम जीएम सिविल प्रभु सरकार के नेतृत्व में दिल्ली से इंदौर पहुंची। टीम ने पिछले दो दिनों में एयरपोर्ट से जुड़े अहम दस्तावेजों की जांच की और कई अधिकारियों के बयान दर्ज किए। शिकायत पत्र में डायरेक्टर के व्यवहार को लेकर कई गंभीर दावे किए गए हैं। आरोप है कि एक बैठक के दौरान सुनील मग्गीरवार ने सूट पहनकर पहुंचे ऑपरेशनल अधिकारियों का अपमान करते हुए कहा कि वे काम करने नहीं, बल्कि लड़कियां ताड़ने के लिए सज-धज कर आते हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि डायरेक्टर का रवैया तानाशाहीपूर्ण है और वे कर्मचारियों को गालियां देने के साथ बार-बार ट्रांसफर की धमकी देते हैं। इससे एयरपोर्ट का कार्य वातावरण तनावपूर्ण हो गया है। एचआरए लेने और टेंडर में गड़बड़ी के आरोप शिकायत में वित्तीय अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया गया है। आरोप है कि सरकारी गेस्ट हाउस में रहने के बावजूद डायरेक्टर ने मकान किराया भत्ता (एचआरए) लिया, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा सिविल विभाग के कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर अनावश्यक निर्माण कार्य मंजूर कराने और टेंडरों में पसंदीदा कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए हैं। सांसद का करीबी समझकर हटाया अधिकारी शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक बीमार अधिकारी को केवल इसलिए कार्यमुक्त कर दिया गया क्योंकि डायरेक्टर को शक था कि वह सांसद शंकर लालवानी का करीबी है और एयरपोर्ट की जानकारी उन तक पहुंचाता है। इसके साथ ही सीआईएसएफ से कथित तौर पर निजी सुरक्षा गार्ड लेने और बदले में नियम विरुद्ध मांगें पूरी कराने के आरोप भी शिकायत में शामिल हैं। सात माह पहले मुंबई एयरपोर्ट से ट्रांसफर हुआ था सुनील मग्गीरवार मुंबई एयरपोर्ट से ट्रांसफर होकर सात माह पहले इंदौर आए थे। वे मुंबई एयरपोर्ट की संचार शाखा में जॉइंट जीएम के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले उन्होंने शिमला और जलगांव एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट डायरेक्टर के रूप में भी सेवाएं दी हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *