इंदौर गुलाब बाग गोलीकांड, पुलिस टीमें भिंड और शिवपुरी रवाना:हत्या के एक दिन पहले ही इंदौर आए थे पांच हत्यारे, पुलिस ने डीवीआर जब्त किया




इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित गुलाब बाग कॉलोनी में गुरुवार रात बदले की आग में एक खूनी गैंगवार सामने आई। बदमाशों ने अवितेंद्र पुत्र अटल सिंह तोमर निवासी अग्रवाल नगर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक हत्या को अंजाम गुलशन यादव, गौरव जाट उर्फ डिल्लू और उनके अन्य साथियों ने दिया। वारदात को 2024 में हुए विष्णु यादव हत्याकांड का बदला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अवितेंद्र अपनी क्रेटा कार में दो साथियों के साथ बैठा था, तभी दो बाइक पर सवार पांच बदमाश वहां पहुंचे और दूर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में अवितेंद्र को दो गोलियां लगीं, जबकि दो अन्य गोलियां पास खड़ी कारों में जा लगीं। हमलावर राइफल जैसे हथियार से फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। अवितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। एक दिन पहले इंदौर पहुंचे हमलावर कर रहे थे रेकी लसूड़िया पुलिस ने बताया कि अवितेंद्र के खिलाफ भिंड सहित कई थानों में दो दर्जन से अधिक गंभीर अपराध दर्ज थे। वह अवैध रेत कारोबार से भी जुड़ा हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर एक दिन पहले ही इंदौर पहुंच गए थे और लगातार अवितेंद्र की रेकी कर रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में एक आरोपी सुबह से उसकी गतिविधियों पर नजर रखते दिखाई दिया है। 2024 से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था जानकारी के मुताबिक नवंबर 2024 में हुए विष्णु यादव हत्याकांड में अवितेंद्र भी आरोपी था। उस मामले में विष्णु यादव की हत्या के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत भी चल रही थी, लेकिन गुलशन यादव अपने भाई विष्णु की हत्या का बदला लेने की कसम खा चुका था। इसी रंजिश के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें भिंड और शिवपुरी रवाना पुलिस ने वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर जब्त कर ली है। फुटेज में रेकी करने वाला आरोपी और बाइक सवार अन्य चार बदमाश आते-जाते दिखाई दिए हैं। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें भिंड और शिवपुरी रवाना की गई हैं। पुलिस को आशंका है कि आरोपी जल्द सरेंडर कर सकते हैं। जाट डालता था अपराधों की स्टोरी पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी गौरव जाट, गुलशन यादव और डिल्लू पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गौरव जाट सोशल मीडिया पर हथियारों और अपने अपराधों की अखबारी कटिंग के स्टेटस लगाकर दहशत फैलाने की कोशिश करता था। डिल्लू के खिलाफ भी हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *