इटावा में खेत की रखवाली कर रहे किसान की मौत:आवारा सांड ने दौड़ाया, कुएं में गिरने से गई जान




इटावा में खेत की रखवाली करने गए किसान की संदिग्ध हालात में कुएं में गिरकर मौत हो गई। घटना ऊसराहार थाना क्षेत्र के नारायणपुरा गांव के पास की है। बताया जा रहा है कि रात के समय खेत में फसल बचाने पहुंचे किसान को आवारा सांड ने दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए भागते समय किसान का पैर फिसल गया और वह खेत में बने गहरे कुएं में गिर गए। सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव तैरता देखा तो पूरे गांव में शोक फैल गया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। खेत की रखवाली करते हुए सांड ने दौड़ाया ऊसराहार थाना क्षेत्र के नारायणपुरा निवासी 50 वर्षीय किसान राकेश कुमार शनिवार रात अपने खेत पर मक्के की फसल की रखवाली करने गए थे। परिवार और ग्रामीणों के अनुसार खेत के आसपास काफी समय से एक आवारा सांड घूम रहा था, जो रात में फसल खराब कर देता था। इसी कारण राकेश रात में खेत पर निगरानी करने जाते थे। आशंका है कि रात के अंधेरे में सांड ने उन्हें दौड़ा लिया और बचने के प्रयास में वह खेत में बने कुएं में जा गिरे। कुएं में डूबने से उनकी मौत हो गई।
सुबह कुएं में तैरती मिली चप्पल रविवार सुबह जब राकेश घर वापस नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की गई। जब लोग खेत की तरफ पहुंचे तो कुएं के पानी में चप्पल तैरती दिखाई दी। ग्रामीणों ने रस्सी में कांटा बांधकर कुएं में डाला तो राकेश का शव उसमें फंसकर ऊपर आ गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। घटना के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। मृतक के छोटे भाई राजेश ने बताया कि राकेश कुमार बटाई पर करीब चार बीघा खेत लेकर खेती करते थे। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनके तीन बेटियां और दो बेटे हैं। परिवार अगले साल एक बेटी की शादी करने की तैयारी कर रहा था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया। सूचना मिलने पर ऊसराहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी बलराज भाटी ने बताया कि मृतक के भाई की ओर से तहरीर दी गई है और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *