उत्तर छत्तीसगढ़ में हीटवेव का अलर्ट, अधिकतम तापमान 43 डिग्री:सरगुजा संभाग में लू के थपेड़ों ने झुलसाया, मैनपाट में भी 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा




उत्तर छत्तीसगढ़ में राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के असर से भीषण गर्मी पड़ रही है। सोमवार को अंबिकापुर का अधिकतम बढ़कर 43 डिग्री के करीब पहुंच गया है। अगले दो दिनों तक मौसम विभाग ने हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। दो दिनों बाद नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। उत्तर छत्तीसगढ़ में भी मई के अंतिम सप्ताह में गर्मी के तेवर दिखने लगे हैं। सोमवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान बढ़कर 42.8 डिग्री पहुंच गया, जो इस सीजन का सर्वाधिक तापमान है। हालांकि शाम को बादल छाने लगे, जिसके बाद उमस बढ़ गई। छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में भी सोमवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को भी अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास रह सकता है। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी हुई है। मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया है। सरगुजा संभाग में भी रात को गर्मी एवं उमस लोगों को परेशान कर रही है। हीटवेव के बाद पश्चिमी विक्षोभ से मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि आगामी दो दिनों तक संभाग में हीटवेव का असर दिखेगा। 29 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके कारण बादल छाएंगे और तेज हवाएं चलेंगी।
एएम भट्ट ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। जून के पहले सप्ताह तक तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। इसके बाद मानसूनी हवाओं के सक्रिय होने से तेज गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
लगातार बढ़ रही गर्मी और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। लोग भीषण गर्मी के कारण लू की चपेट में आकर बीमार पड़ रहे हैं। सीएमएचओ डा.पीएस मार्को ने लोगों को लू से बचने की अपील की है। लू से बचने के लिए सिर ढंककर ही बाहर निकलने एवं पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *