![]()
मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) प्रयागराज ने एयरोस्पेस इंजीनियरिंग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट ऑस्टिन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत एमएनएनआईटी में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में बी.टेक. कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। संस्थान के निदेशक प्रो. आर.एस. वर्मा ने अपनी व्यक्तिगत अमेरिका यात्रा के दौरान यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट ऑस्टिन का दौरा किया और औपचारिक रूप से इस समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह साझेदारी दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक सहयोग, संयुक्त अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देगी। इस एमओयू से विद्यार्थियों और शिक्षकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, अत्याधुनिक शोध सुविधाएं और वैश्विक विशेषज्ञों के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। पाठ्यक्रम में एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के नवीनतम तकनीकी विकास, आधुनिक अनुसंधान पद्धतियों और उद्योग से जुड़े व्यावहारिक अनुभवों को शामिल किया जाएगा। इससे छात्रों को बेहतर रोजगार और शोध के अवसर प्राप्त होंगे। प्रो. आर.एस. वर्मा ने बताया कि यह पहल छात्रों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगी और भारत में एयरोस्पेस शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों संस्थान भविष्य में संयुक्त कार्यशालाओं, फैकल्टी एक्सचेंज कार्यक्रमों, शोध परियोजनाओं और छात्र प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। शिक्षा जगत में इस समझौते को एमएनएनआईटी की अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे न केवल संस्थान के छात्रों को विश्वस्तरीय अवसर मिलेंगे, बल्कि देश में एयरोस्पेस तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी। यह पहल तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एमएनएनआईटी प्रयागराज को एक नई पहचान दिला सकती है।
Source link
एमएनएनआईटी प्रयागराज में एयरोस्पेस इंजीनियर तैयार होंगे:अमेरिकी यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास से समझौता, बी.टेक कोर्स शुरू होगा















Leave a Reply