एसएसपी ने क्रिटिकल कॉरिडोर टीम की समीक्षा की:सड़क हादसों की रोकथाम पर जोर, उत्कृष्ट पुलिसकर्मी सम्मानित




बुलंदशहर में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और ‘जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम’ को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित आरटीसी हॉल में क्रिटिकल कॉरिडोर टीम (सीसी टीम) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने की। इस बैठक में जनपद की 13 क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों के प्रभारी निरीक्षक, थाना प्रभारी और सीसी टीम प्रभारी शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न हाईवे और प्रमुख मार्गों पर हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, उनकी रोकथाम के उपायों और प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। बैठक में ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाना, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन संचालन, नशे की हालत में ड्राइविंग तथा भारी वाहनों की लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं पर विशेष चिंता व्यक्त की गई। एसएसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखे। इस दौरान, उत्कृष्ट कार्य करने वाली क्रिटिकल कॉरिडोर टीम थाना सिकंदराबाद और थाना छतारी के पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रताप अजेय, क्षेत्राधिकारी यातायात पूर्णिमा सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *