ओंकारेश्वर में शाढ़ौरा नगर परिषद अध्यक्ष ने कराया मुंडन:अशोक माहौर का प्रतीकात्मक विरोध; बोले- विकास ‘जीरो’, 4 दिन में एक बार मिल रहा पानी




अशोकनगर जिले की शाढ़ौरा नगर परिषद के अध्यक्ष अशोक माहौर ने नगर में विकास कार्यों के अभाव और गंभीर पेयजल संकट के विरोध में ओंकारेश्वर पहुंचकर मुंडन कराया। रविवार सुबह उन्होंने मां नर्मदा के घाट पर धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ तर्पण कर विरोध जताया। माहौर ने इसे शाढ़ौरा की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ प्रतीकात्मक आंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि नगर में कई विकास कार्य स्वीकृत हैं और उनके लिए राशि भी उपलब्ध है, लेकिन धरातल पर एक भी काम शुरू नहीं हो सका है। चार दिन में एक दिन पानी, स्ट्रीट लाइट भी बंद नगर परिषद अध्यक्ष ने बताया कि शाढ़ौरा में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। लोगों को चार दिन में केवल एक दिन पानी मिल रहा है, जिससे आमजन परेशान हैं। टेकरी सरकार का जीना अधूरा पड़ा है और नगर में स्ट्रीट लाइट तक नहीं लग पा रही हैं। उन्होंने खुद स्वीकार किया कि विकास के मामले में नगर “जीरो” स्थिति में है। उनका कहना है कि पैसा होने के बावजूद काम नहीं हो रहा। अधिकारियों से कई बार काम शुरू कराने की मांग की गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। शासन-प्रशासन से लगाई गुहार, नहीं निकला समाधान माहौर ने कहा कि नगर की समस्याओं को लेकर उन्होंने कई बार शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इससे दुखी होकर वे मां नर्मदा के दरबार में पहुंचे और प्रार्थना की कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सद्बुद्धि मिले, ताकि रुके हुए विकास कार्य पूरे हो सकें। विरोध प्रदर्शन के दौरान अशोक माहौर भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा, “हे भगवान, अब तुम ही शाढ़ौरा की नैय्या पार करो। मेरी ज्यादा परीक्षा मत लो। अब आगे क्या करना है, मुझे भी समझ नहीं आ रहा। मैं कुछ बड़ा कदम उठाने पर विचार कर रहा हूं।”



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *