कंधे पर गेहूं बोरा रख कलेक्ट्रेट पहुंचे युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष:श्योपुर में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में अव्यवस्थाओं के विरोध में धरना दिया




श्योपुर में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में व्याप्त अव्यवस्थाओं और साइलो केंद्रों पर तुलाई बंद होने के विरोध में मंगलवार को युवा कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दाैरान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राम भरत मीणा किसानों के साथ अपने कंधे पर गेहूं का बोरा रखकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। पुलिस द्वारा रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर गेहूं फैलाकर धरना शुरू कर दिया। कलेक्ट्रेट गेट पर गेहूं फैलाकर जताया विरोध प्रदर्शनकारियों ने खरीदी केंद्रों पर हो रही अनियमितताओं और किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर जमकर नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष राम भरत मीणा का आरोप है कि साइलो केंद्रों पर तुलाई बंद होने से किसान भटक रहे हैं और सोसाइटियों में भी व्यवस्थाएं ठप हैं। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक तीखी बहस भी हुई। डिप्टी कलेक्टर ने जमीन पर बैठकर सुनी बात जनसुनवाई के बीच डिप्टी कलेक्टर संजय जैन प्रदर्शनकारियों से चर्चा करने पहुंचे। इस दौरान अनोखी स्थिति तब निर्मित हुई जब डिप्टी कलेक्टर भी कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर बैठ गए। उन्होंने करीब 20 मिनट तक धरना स्थल पर बैठकर किसानों की समस्याओं को सुना और मौके से ही संबंधित सोसाइटियों को फोन कर निराकरण के निर्देश दिए। जायज मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन डिप्टी कलेक्टर संजय जैन ने बताया कि गेहूं खरीदी नियमानुसार की जा रही है और छोटी-मोटी समस्याओं को अव्यवस्था नहीं कहा जा सकता। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा कि जो मांगें जायज हैं, उन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अनावश्यक मांगों पर झूठा आश्वासन नहीं दिया जाएगा। प्रशासन के ठोस आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने अपना धरना खत्म किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *