कन्नौज में सोने की खरीद पर कोई प्रतिबंध नहीं:डीएम ने सर्राफा व्यापारियों से बैठक में अफवाहें खारिज कीं




कन्नौज में सोने की खरीद पर किसी तरह का कोई प्रतिबंध नहीं है और न ही इसकी कोई कमी है। यह बात जिलाधिकारी (डीएम) आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने सर्राफा व्यापारियों के साथ एक बैठक में स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कुछ स्थानों पर सोने की खरीद पर प्रतिबंध की भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सर्राफा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें जनपद में सोने के आभूषणों की खरीद को लेकर फैल रही भ्रांतियों और अफवाहों पर चर्चा की गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि कन्नौज जिले में किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाहों को फैलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि सोने के आभूषणों की खरीद पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, जबकि सरकार की ओर से ऐसी कोई घोषणा नहीं की गई है। सोने के आभूषणों की खरीद पर किसी प्रकार की रोक नहीं है। डीएम ने सर्राफा व्यापारियों से अपील की कि वे ग्राहकों तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाएं, ताकि लोग किसी भी भ्रम का शिकार न हों। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो, उसे आपसी संवाद और बैठक के माध्यम से तत्काल दूर किया जाए। प्रशासन और व्यापारी वर्ग मिलकर जनपद में सकारात्मक एवं विश्वासपूर्ण वातावरण बनाए रखें। सर्राफा व्यापारियों ने भरोसा दिलाया कि जिले का सर्राफा व्यापारी वर्ग देशहित में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की अपील के साथ खड़ा है। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री द्वारा केवल गोल्ड बार की खरीद को कुछ समय के लिए टालने की अपील की गई है, जबकि सोने के आभूषणों की खरीद पर किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई है। बैठक में अधिवक्ता संघ से निशंक जैन, पोषक पाठक, सर्राफा एसोसिएशन से चंद्र प्रकाश वर्मा, अजीत कुमार वर्मा, नरेश वर्मा, आलोक वर्मा, अन्नी वर्मा, रमेश चंद्र वर्मा, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से अनिल गुप्ता, रामानंद वर्मा, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से राज शर्मा और व्यापारी सर्राफा एसोसिएशन से राजीव दुबे सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *