कानपुर में पुलिस शिकायत पर हमला:आरोपी ने साथियों संग चाकू से किया घायल, हालत गंभीर




कानपुर के जाजमऊ इलाके में चोरी की शिकायत के बाद खूनी रंजिश का मामला सामने आया है। नई बस्ती में बुधवार देर रात युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में घायल युवक को पहले कांशीराम अस्पताल और फिर हैलट रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल के बड़े भाई इस्तिखार उर्फ मुन्ना के मुताबिक चार दिन पहले आरोपी उनके घर से चार मोबाइल, नकदी और चांदी की पायल चोरी कर ले गया था। परिवार ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, लेकिन पुलिस ने आरोपी को नाबालिग बताते हुए कार्रवाई नहीं की और सबूत लाने की बात कहकर छोड़ दिया। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। इस्तिख़ार का कहना है कि बुधवार रात करीब 11 बजे आरोपी अपने साथियों के साथ घर पहुंचा और उनके भाई ई-रिक्शा चालक मोहम्मद गुड्डू (32) से गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने पहले से रची साजिश के तहत चाकू निकाल लिए और पेट व छाती पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। खून से लथपथ गुड्डू सड़क पर गिर पड़ा। शोर सुनकर लोग दौड़े तो आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होती तो यह हमला नहीं होता। वहीं, थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *