![]()
कानपुर में जमीन और प्लॉट के नाम पर धोखाधड़ी के दो बड़े मामले सामने आए हैं। पीड़ितों ने आरोपियों पर फर्जी तरीके से रुपये हड़पने, कूटरचित बैनामा कराने और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस उपायुक्त पूर्वी के निर्देश पर दोनों मामलों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पहला मामला अहिरवां के मवइया गांव की निवासी विधवा महिला कृष्णा देवी से जुड़ा है। उन्होंने कपूर पांडेय और उसके परिजनों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। कृष्णा देवी के अनुसार, कपूर पांडेय ने खुद को 200 वर्गगज भूमि का मालिक बताकर वर्ष 2013 में उनसे 3 लाख रुपये लिए और बैनामा करा दिया। बाद में कृष्णा देवी को पता चला कि उन्हें किसी और प्लॉट का बैनामा कराया गया था। जब उन्होंने इस संबंध में जानकारी की, तो आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दूसरी जमीन देने का भरोसा दिया। हालांकि, वह वर्षों तक टालमटोल करता रहा। पीड़िता का आरोप है कि हाल ही में जब उन्होंने जमीन दिखाने की बात कही, तो आरोपी और उसके बेटों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। दूसरा मामला न्यू आजाद नगर निवासी नितिश कुमार से संबंधित है। उन्होंने शिवा बाजपेई और आशीष श्रीवास्तव पर करीब 12 लाख 89 हजार रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। नितिश के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें एक प्लॉट दिखाकर उसका सौदा किया और कई किश्तों में बैंक खाते व नगद के माध्यम से रुपये ले लिए। जब बैनामा कराने की बात आई, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। बाद में नितिश को पता चला कि जिस प्लॉट को उन्हें दिखाया गया था, वह आरोपियों का था ही नहीं। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे, तो उन्हें धमकियां दी गईं। नितिश ने बताया कि उन्होंने ब्याज पर रुपये लेकर आरोपियों को भुगतान किया था, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने जानकारी दी कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है। तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कानपुर में लाखों की प्लॉट ठगी के दो मामले:डीसीपी पूर्वी के आदेश पर FIR दर्ज, पुलिस ने जांच शुरू की
















Leave a Reply