![]()
बुंदेलखंड के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले कालपी में कानपुर और झांसी को जोड़ने वाला पुराने यमुना पुल पर एक बार फिर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। पुल की बियरिंग में तकनीकी खराबी आने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ट्रक, बस और अन्य भारी वाहनों के लिए तत्काल प्रभाव से डायवर्जन लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत भारी वाहनों को अब दुर्गा मंदिर चौराहे से नए यमुना पुल की ओर मोड़ा जा रहा है, जबकि कार और अन्य छोटे चार पहिया वाहन पुराने पुल से ही गुजर सकेंगे। लगभग पांच दशक पुराने इस पुल से प्रतिदिन करीब 10 हजार छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इनमें मुंबई, गुजरात, मध्य प्रदेश, कानपुर और लखनऊ रूट से आने-जाने वाले ट्रक, बसें और अन्य मालवाहक वाहन प्रमुख रूप से शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार पुल की बियरिंग में तकनीकी मरम्मत का कार्य लंबा चल सकता है। इसी को देखते हुए एहतियातन भारी वाहनों का संचालन बंद किया गया है। हालांकि नई डायवर्जन व्यवस्था लागू होने के बाद चौरा और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। जिस मार्ग से भारी वाहनों को नए पुल की ओर भेजा जा रहा है, उसी रास्ते से बालू घाट के ट्रक भी गुजरते हैं। ऐसे में जाम की स्थिति बनने की आशंका बनी हुई है। बताया जा रहा है कि करीब दस वर्ष पहले भी ओवरलोडिंग के कारण पुल की बीम चटक गई थी, जिसकी मरम्मत में लगभग छह माह का समय लगा था। इस बार एनएचएआई द्वारा समय रहते तकनीकी खामियों को दूर करने का कार्य लगातार कराया जा रहा है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर डायवर्जन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना प्रबंधक उत्तम सिंह को नगर सीमा से कानपुर सीमा तक लगातार पेट्रोलिंग कराने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि जाम की स्थिति बनी तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी अवधेश सिंह, कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी समेत एनएचएआई के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link
कालपी पुराना यमुना पुल भारी वाहनों के लिए बंद:बियरिंग मरम्मत शुरू, NHAI ने डायवर्जन लागू किया















Leave a Reply