कुसमी का सब्जी बाजार सड़क से हटेगा:नदी किनारे शिफ्ट करने का फैसला, दुकानें लगने से लगता था जाम




सीधी जिले के कुसमी में लगने वाले साप्ताहिक सब्जी बाजार को लेकर प्रशासन ने फैसला किया है। हर मंगलवार को सड़क किनारे सजने वाली दुकानें अब वहां नहीं दिखेंगी। प्रशासन ने जाम और हादसों को रोकने के लिए इस बाजार को बरी नदी के किनारे शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। कुसमी तहसीलदार नारायण सिंह ने रविवार शाम को खुद मौके पर पहुंचकर दुकानदारों और ग्रामीणों को इस नई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने साफ कहा कि अब कोई भी दुकानदार सड़क किनारे दुकान नहीं लगाएगा, बल्कि नदी के पास तय की गई जगह पर ही अपना सामान बेचेगा। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि नई जगह पर पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाएं दी जाएंगी। क्यों पड़ी बाजार हटाने की जरूरत? इस साप्ताहिक बाजार में कोडार, रौहाल, जूरी और दुआरी जैसे कई गांवों से लोग खरीदारी करने आते हैं। सड़क पर 40 से ज्यादा दुकानें लगने की वजह से वहां इतना जाम लग जाता था कि एम्बुलेंस और स्कूल बसों का निकलना भी मुश्किल हो जाता था। स्थानीय लोग काफी समय से इस परेशानी को दूर करने की मांग कर रहे थे। सरपंच और सचिव को मिली जिम्मेदारी तहसीलदार ने भगवार की सरपंच चेतना सिंह और सचिव रामभद्र शुक्ला को निर्देश दिए हैं कि वे यह तय करें कि मंगलवार को कोई भी दुकान सड़क पर न लगे। प्रशासन का कहना है कि इस बदलाव से न तो व्यापार पर असर पड़ेगा और न ही जनता को जाम की समस्या झेलनी पड़ेगी। इस दौरान नायब तहसीलदार टोप्पो, थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी और कई स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। लोगों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है, क्योंकि इससे सड़क पर सुरक्षा बढ़ेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *