कोरबा में आंधी से ईंट गिरी, युवक की मौत:ससुराल वालों ने पहले जताई थी हत्या की आशंका, बाद में हादसा निकला




कोरबा जिले में आए तेज आंधी-तूफान के कारण एक युवक की मौत हो गई। यह घटना दीपका थाना क्षेत्र के बतारी गांव में हुई, जहां घर का सीट उड़ने से ईंट युवक के सीने पर गिरी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय उत्तम सिंह चौहान निवासी बतारी के रूप में हुई है। आंधी इतनी तेज थी कि घर का सीट उड़ गया और दीवार का एक हिस्सा गिर गया। मलबे में दबी एक ईंट सीधे उत्तम के सीने पर जा लगी। गंभीर रूप से घायल उत्तम को परिजन तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन सीने पर गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआत में मृतक के ससुराल वालों ने घटना पर संदेह जताया था और सीने पर चोट के निशान देखकर हत्या का आरोप लगा रहे थे। पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच की। पूछताछ और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह हादसा आंधी-तूफान के कारण हुआ था। तेज हवा से सीट उड़ने और दीवार गिरने की पुष्टि आसपास के लोगों ने भी की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी चोट आंधी से गिरे मलबे के कारण लगना पाया गया है। उत्तम सिंह चौहान शादी के बाद बांकी मोंगरा के भेजिनारा गांव स्थित ससुराल में रहते थे। कुछ दिन पहले ही वे अपने गृहग्राम बतारी आए हुए थे। उनके पिता गुरुवार सिंह कुछ दिन पहले ही एसईसीएल से रिटायर हुए हैं। उत्तम की पत्नी गंगाबाई और एक बेटा है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर सभी बिंदुओं पर जांच जारी रखी है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में फिर तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *