कौशांबी पुलिस ने किया बलवा ड्रिल का अभ्यास:बकरीद त्योहार के मद्देनजर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने की तैयारी




शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कौशांबी सत्यनारायण ने आगामी बकरीद त्योहार के मद्देनजर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस लाइन कौशांबी के परेड ग्राउंड पर हाई-इंटेंसिटी बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया। इस अभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दंगा नियंत्रण उपकरणों से सुसज्जित होकर बलवाई भीड़ को तितर-बितर करने के कानूनी प्रावधानों का पालन करने का अभ्यास किया। इसमें न्यूनतम बल प्रयोग के लिए टियर गैस गन, एंटी राइट गन, चिली बम, रबर बुलेट और हैंड ग्रेनेड जैसे उपकरणों का उपयोग शामिल था। बलवा ड्रिल के प्रदर्शन में टीमों का गठन किया गया। इसमें जिले की एलआईयू द्वारा सूचना संकलन, नागरिक पुलिस द्वारा भीड़ को समझाने का प्रयास, चेतावनी देना, अग्निशमन दल द्वारा पानी का छिड़काव, टीयर गैस स्क्वाड द्वारा आंसू गैस का प्रयोग और लाठी पार्टी द्वारा न्यूनतम बल प्रयोग से भीड़ को तितर-बितर करने की कार्रवाई का अभ्यास किया गया। इसके बाद, यदि बलवाई अपने प्रदर्शन में बल और हिंसा का प्रयोग जारी रखते हैं, तो आत्मरक्षा के लिए फायर पार्टी द्वारा आग्नेयास्त्रों के प्रयोग की आवश्यकता पड़ सकती है। इस स्थिति के लिए फायर पार्टी ने आग्नेयास्त्रों के प्रयोग का भी अभ्यास किया। बलवा ड्रिल प्रदर्शन के दौरान घायलों के उपचार हेतु प्राथमिक चिकित्सा पार्टी और एम्बुलेंस की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, उनसे संबंधित कार्रवाई का भी अभ्यास किया गया। पुलिस अधीक्षक कौशांबी ने पूरे प्रदर्शन का बारीकी से निरीक्षण किया और ड्रिल के दौरान सामने आई छोटी-मोटी त्रुटियों को सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस तरह के अभ्यास से जनपद में विधि विरुद्ध जमाव, बलवा और हिंसा जैसी स्थितियों में न्यूनतम बल का प्रयोग कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सफलता मिलती है। इस अभ्यास में क्षेत्राधिकारी कौशांबी लाइन जनेश्वर प्रसाद पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी मंझनपुर शिवांक सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात भैया संतोष कुमार, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन और समस्त थाना शाखा प्रभारियों सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने भाग लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *