क्रशर प्लांट में हादसा,कन्वेयर में दबने से युवक की मौत:कन्वेयर-बेल्ट की सफाई के दौरान गिरी लोहे की जाली, हास्पिटल में तोड़ा दम




बलरामपुर जिले के ग्राम भेलाई में क्रशर प्लांट में हुए हादसे में 20 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को अंबिकापुर मिशन हॉस्पिटल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। हादसा कन्वेयर बेल्ट की सफाई के दौरान हुआ, जब उसके उपर लोहे की भारी-भरकम जाली गिर गई। मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम भेलाई के सिंघल क्रशर प्लांट में रविवार को कन्वेयर बेल्ट की सफाई के लिए क्रशर में कार्य करने वाले 20 वर्षीय युवक अल्मोन को लगाया गया था। बिना पर्याप्त सुरक्षा उपाय के वह कन्वेयर बेल्ट की सफाई कर रहा था। सफाई के दौरान उसके उपर लोहे की भारी-भरकम जाली गिर गई। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत
क्रशर प्लांट में कार्य कर रहे अन्य मजदूरों ने गैस कटर और जेसीबी की मदद से युवक को बाहर निकाला। घायल युवक को अंबिकापुर मिशन अस्पताल अंबिकापुर में दाखिल किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सोमवार को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। मृतक युवक सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत खाराकोना का निवासी था। घटना की सूचना पर परिजन रात में ही अंबिकापुर पहुंच गए थे। बिना सुरक्षा साधन के करा रहे थे काम
मृतक के साथ काम कर रहे युवक अर्पण एक्का ने बताया कि फैक्ट्री में मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे। मौके पर फर्स्ट एड किट तक नहीं था। उससे एंबुलेंस भी नहीं मिल सकी। अर्पण एक्का ने बताया कि हादसे के बाद मजदूरों से कहा गया कि वे घटना को जेसीबी की बकेट से दबने के कारण होना बताएं। सुरक्षा की अनदेखी कर संचालित हैं प्लांट
क्षेत्र में बड़ी संख्या में क्रशर प्लांट संचालित हैं, जहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती रही है। जिस क्रशर में हादसा हुआ, उसे क्रशर के मालिक विजय सिंघल ने कुछ माह पूर्व क्रशर संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल सहित अन्य लोगों को बेच दिया था। मामले में अजजा आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने जांच की मांग की है। भानू प्रताप सिंह ने कहा कि क्रशर प्लांटों में आदिवासी मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। शिकायतों पर क्रशर मालिकों को नोटिस जारी कर खानापूर्ति कर दी जाती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *