![]()
खंडवा के जावर-मूंदी हाईवे पर बुधवार दोपहर एक चलते डंपर में अचानक आग लग गई। गर्मी बढ़ने और धुआं उठते ही ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए डंपर को सड़क किनारे खड़ा किया और तुरंत कूद गया। इसके बाद वह सीधे ढाबे पर पहुंचा और पानी के लिए मदद मांगी। ढाबा संचालक ने पानी का छिड़काव कराया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। फायर ब्रिगेड के इंतजार में हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सिहाड़ा गांव के पास हुआ हादसा घटना सिहाड़ा गांव के पास सुदामापुरी की है, जहां लक्की ढाबे के सामने से गुजर रहे क्रेशर रेत से भरे डंपर में आग लग गई। डंपर बालाजी क्रेशर कंपनी का बताया जा रहा है। अचानक आग लगते ही तेज हवा के कारण ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। खासकर मूंदी-पुनासा और खंडवा की ओर जा रही यात्री बसों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में आधे से एक घंटे तक बसें सड़क पर खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को दिक्कत हुई। सरपंच प्रतिनिधि बोले- शुरुआत में नहीं पहुंची फायर ब्रिगेड ढाबा संचालक और सिहाड़ा सरपंच प्रतिनिधि हेमंत चौहान ने बताया कि घटना के दौरान वे मौके पर मौजूद थे। डंपर का ड्राइवर घबराकर उनके पास आया। उन्होंने देखा कि आग की लपटें तेजी से उठ रही थीं। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना देने के लिए फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। कोई अधिकारी फोन नहीं उठा रहा था। इसके बाद आग की जानकारी रामेश्वर चौकी प्रभारी सुभाष नावड़े को दी गई। तीन फायर ब्रिगेड की मदद से बुझी आग रामेश्वर चौकी प्रभारी सुभाष नावड़े ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड भेजी गई। हालांकि वहां पहुंचने में एक घंटे से ज्यादा समय लग गया। इस दौरान हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। काफी देर बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। एक-एक कर तीन फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंचे, तब जाकर आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। ड्राइवर ने इंजन अधिक गर्म होने और भीषण गर्मी के कारण हीट बढ़ने को आग लगने की वजह बताया है।
Source link
खंडवा हाईवे पर चलते डंपर में लगी आग:फायर ब्रिगेड के इंतजार में लगा रहा जाम, ड्राइवर कूदा, काबू पाने में लगा एक घंटा
















Leave a Reply