![]()
खरगोन में 300 बेटियां त्रिलोकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आत्मरक्षा का प्रशिक्षण ले रही हैं। रविवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) रवींद्र वर्मा ने शिविर का दौरा किया। उन्होंने युवतियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि यहां सीखी गई बातें जीवनभर काम आएंगी। यह प्रशिक्षण शिविर 1 मई से चल रहा है और इसका समापन 30 जून को होगा। शिविर में प्रशिक्षक सूरज पाल और उनके सहयोगी हरिओम सोनी व राघव चौहान जूडो-कराटे, तलवारबाजी, लाठी और तीरंदाजी सिखा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं से जुड़े कानून, पुलिस की भूमिका और हेल्पलाइन नंबर 1090 व 100 के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। भविष्य में बंदूक चलाना भी सिखाएंगे
संस्था प्रमुख राजू शर्मा ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बेटियों को हर दृष्टि से आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि घरेलू सुरक्षा के लिए अग्निशामक यंत्र का संचालन भी सिखाया जा रहा है और भविष्य में बंदूक चलाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। आयोजन समिति के अमित कौशल, विनय गुप्ता और देवेंद्रसिंह ने बताया कि 10 से 25 साल की युवतियों को मुश्किल परिस्थितियों में खुद का बचाव करने के लिए पंच, किक और ब्लॉक करने के तरीके सिखाए जा रहे हैं। साथ ही, खतरे को तुरंत भांपकर सही निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित की जा रही है। पालक राहुल कडवाने, सचिन मोरे, राजेंद्र ठाकुर, महेश शर्मा, काजल ठाकुर और माधुरी गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण से बेटियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा।
Source link
खरगोन में 300 बेटियां ले रहीं आत्मरक्षा का प्रशिक्षण:एसपी ने बढ़ाया हौसला, जीवनभर काम आने वाली सीख बताई















Leave a Reply