![]()
गुना में अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय और तस्करी के खिलाफ SP हितिका वासल के निर्देशन में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों जामनेर, मधुसूदनगढ़ और मृगवास में पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाइयां की हैं। पहली बड़ी कार्रवाई जामनेर थाना पुलिस द्वारा की गई है। पुलिस को मुखबिर के जरिए एक बेहद चौंकाने वाली सूचना मिली कि ग्राम केरगढ़ में एक वृद्ध अपने घर के पास स्थित छोटे से खेत (खोड़े) में चोरी-छिपे गांजे के पौधे उगाकर उसकी बाकायदा खेती कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां खेत में मौजूद 69 वर्षीय बुजुर्ग करन सिंह पुत्र हजारीलाल भील ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उसे घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया। जब पुलिस ने उसके छोटे से खेत की तलाशी ली, तो वहां मादक पदार्थ गांजे के हरे-भरे पौधे लहलहाते मिले। पुलिस ने खेत से उखाडक़र कुल 15 छोटे, हरे पत्तीदार और गीले जड़ सहित पौधे बरामद किए। 15 हजार के गांजे के साथ अधेड़ दबोचा दूसरी कार्रवाई मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस टीम को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तोरई रोड तिराहे के पास एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप लेकर किसी ग्राहक के इंतजार में खड़ा है। सूचना पर पुलिस ने तोरई रोड तिराहे पर घेराबंदी की। वहां हुलिए के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस की गाड़ी को देखकर सकपका गया और भागने की कोशिश करने लगा, जिसे फोर्स की मदद से घेरकर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोपाल पुत्र पर्वत सिंह यादव (जादौन), उम्र 48 साल, निवासी ग्राम तोरई बताया। जिसकी तलाशी लेने पर आरोपी के पास से कुल 1 किलो 115 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तत्काल मादक पदार्थ को सीलबंद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बिना नंबर की बाइक से कर रहा था तीसरी और बड़ी कामयाबी मृगवास थाना अंतर्गत सानई चौकी पुलिस को मिली है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुंभराज की तरफ से एक युवक मोटरसाइकिल पर गांजे की एक बड़ी खेप लेकर सप्लाई करने के लिए निकलने वाला है। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम पीपलखेड़ी तालाब के पास सानई रोड पर रणनीतिक नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर के इंतजार के बाद कुंभराज की ओर से एक तेज रफ्तार बिना नंबर की काले और लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल आती हुई दिखाई दी, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर सफलतापूर्वक रोक लिया। बाइक चालक ने पूछताछ में अपना नाम तेजकरण (21) पुत्र कल्याण सिंह मीना, निवासी ग्राम डोंगर, जिला विजयपुर (हाल निवासी कुंभराज) बताया। जब पुलिस ने बाइक की तलाशी ली, तो उसके हैंडल पर एक सफेद रंग का प्लास्टिक का थैला लटका हुआ मिला। थैले को खोलने पर उसके अंदर खाकी रंग के टेप से पूरी तरह लिपटा हुआ एक बड़ा पैकेट बरामद हुआ।पैकेट को फाडक़र देखने पर उसमें उच्च गुणवत्ता का अवैध गांजा भरा हुआ पाया गया, जिसका वजन करने पर कुल मात्रा 1 किलो 233 ग्राम निकली। जब्त किए गए इस गांजे की कीमत करीब 50 हजार रुपये और तस्करी में इस्तेमाल बिना नंबर की अपाचे बाइक की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने बाइक और गांजा जब्त कर आरोपी युवक को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
Source link
खेत में गांजे की खेती करते पकड़ाया बुजुर्ग:गुना में तीन अलग-अलग जगह हुई कार्रवाई; बाइक से तस्करी करते युवक गिरफ्तार















Leave a Reply