![]()
गंगा दशहरा के अवसर पर सोमवार को इटावा के पांचाल घाट पर लगभग एक लाख श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के लिए पहुंचने की उम्मीद है। रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है, हजारों की संख्या में भक्त घाट पर डेरा डाले हुए हैं। इटावा, मैनपुरी और एटा सहित विभिन्न जिलों से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और चार पहिया वाहनों से पांचाल घाट पहुंच रहे हैं। घाट पर भारी भीड़ जमा हो चुकी है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस प्रशासन ने गंगा के दोनों घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की है। गहरे पानी में न जाने की चेतावनी वाले होर्डिंग लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, दोनों ओर लाइटिंग की व्यवस्था की गई है और लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को गहरे पानी से बचने और बैरिकेडिंग के भीतर ही स्नान करने की घोषणा की जा रही है। रविवार देर रात अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक और सिटी मजिस्ट्रेट ने नाव पर बैठकर घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। नाभिकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे बिना लाइफ जैकेट के किसी भी श्रद्धालु को नाव में न बैठाएं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नावों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। दूरबीन से निगरानी की जा रही है और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पांचाल घाट पुल के ऊपर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही, एक स्वास्थ्य शिविर भी खोला गया है। गंगा दशहरा के अवसर पर कुल 500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ये पुलिसकर्मी इटावा-बरेली हाईवे पर यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ घाटों पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। वही फ्लड यूनिट के अलावा गोताखोरों को भी तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं को कोई समस्या ना आए इसके लिए प्रशासन द्वारा दोनों तरफ लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। वही पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है।
Source link
गंगा दशहरा पर पांचाल घाट पहुंचे श्रद्धालु:अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखा, कहा- बिना लाइफ जैकेट के नाव पर न मिले श्रद्धालु















Leave a Reply