![]()
फतेहपुर में गंगा नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ओम घाट पर हुई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के मसवानी मोहल्ला निवासी 17 वर्षीय अजीत यादव के रूप में हुई है। अजीत मंगलवार सुबह अपने तीन दोस्तों – 16 वर्षीय गुलशन यादव, 15 वर्षीय शिव यादव और 16 वर्षीय पवन कुमार के साथ गंगा घाट पर स्नान करने गया था। लगभग 11 बजे चारों दोस्त ओम घाट से आगे घूमते हुए पहुंचे। गंगा नदी में नहाने के दौरान शिव, गुलशन और पवन तो नदी से बाहर आ गए, लेकिन अजीत यादव गहरे पानी में तैरते हुए काफी दूर निकल गया और डूब गया।
बाहर खड़े तीनों दोस्तों ने तत्काल स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से लगभग एक घंटे के भीतर अजीत यादव के शव को बाहर निकाला। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हुसैनगंज थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चार किशोर गंगा घाट पर नहाने गए थे, जिनमें से एक की डूबने से मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
Source link
गंगा नदी में डूबे चार दोस्त, एक की मौत:गर्मी से बचने को चारों नहाने गए थे, गहरे पानी में जाने से हादसा
















Leave a Reply