गऊ सेवा दल ने शुरू की पेयजल वाहन सेवा:पहले दिन 25 से अधिक टंकियों में भरा पानी, अब प्यासी नहीं रहेंगे मवेशी




नीमच में बढ़ते पारे के कारण इंसानों के साथ-साथ बेजुबान पशुओं के लिए भी पानी का संकट गहराने लगा है। इस समस्या को देखते हुए गौ सेवा समिति नीमच (गऊ सेवा दल) ने अपनी परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी ‘पेयजल जल वाहन’ सेवा का शुभारंभ किया है। अभियान के पहले दिन, गौ सेवकों ने 2000 लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी से लैस वाहन के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। टीम ने लगभग 25 से अधिक छोटी-बड़ी पानी की टंकियों को चिन्हित कर उनमें पानी भरा। यह भी उल्लेखनीय है कि लंबे समय से खाली पड़ी इन टंकियों में भारी मात्रा में कचरा जमा था। टीम के सदस्यों ने स्वयं अपने हाथों से इस कचरे को साफ किया, ताकि बेजुबानों को स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके। गऊ सेवा दल के सदस्य मितेश अहीर और पार्थ जोशी ने बताया कि टीम पिछले छह सालों से जन सहयोग के माध्यम से बीमार, घायल और लाचार गौवंश की सेवा कर रही है। बीते वर्ष भीषण गर्मी के दौरान यह अभियान लगातार 84 दिनों तक चलाया गया था। इस वर्ष भी पूरी गर्मी के मौसम में प्रतिदिन शहर के अलग-अलग हिस्सों में पानी की टंकियों को भरने का कार्य जारी रहेगा। इस सेवा कार्य की शुरुआत के दौरान प्रमुख रूप से गौ सेवक मितेश अहीर, पार्थ जोशी, खुश सैनी सहित दल के अन्य सदस्य मौजूद रहे। टीम ने आमजन से भी अपील की है कि वे अपने घरों के बाहर परिंडे लगाएं और प्यासे पशुओं के लिए जल की व्यवस्था में सहयोग करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *