गिरिराज धरण समिति शाजापुर रेलवे स्टेशन पर कर रही जलसेवा:भीषण गर्मी में यात्रियों को मिल रहा शीतल पेयजल




मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे लोग परेशान हैं। इस दौरान शाजापुर की गिरिराज धरण समिति रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को शीतल पेयजल उपलब्ध करा रही है। समिति के सदस्य ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों की प्यास बुझाने का कार्य कर रहे हैं। लगभग 30 से 35 सदस्यों वाली यह समिति पिछले कई वर्षों से गर्मी के मौसम में रेलवे स्टेशन पर यह जलसेवा प्रदान कर रही है। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही समिति के सदस्य सक्रिय हो जाते हैं। वे यात्रियों की खाली बोतलें भरते हैं और सीधे उन्हें ठंडा पानी पिलाते हैं। यह सेवा यात्रियों के लिए काफी सहायक सिद्ध हो रही है। समिति के सदस्यों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले वे लोकल ट्रेन से गिरिराज धरण यात्रा पर गए थे। उस समय अत्यधिक गर्मी थी और कई रेलवे स्टेशनों पर उन्हें पीने का पानी नहीं मिल सका था। इसी अनुभव के बाद उन्होंने प्रतिवर्ष गर्मी के मौसम में रेलवे स्टेशन पर जलसेवा करने का संकल्प लिया, ताकि यात्रियों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े। यह समिति चार सदस्यों के साथ शुरू हुई थी, जिसमें अब 30 से अधिक सदस्य शामिल हैं। इनमें शासकीय कर्मचारी, व्यापारी और प्रतिष्ठित परिवारों के लोग हैं। समिति विशेष रूप से ट्रेन के जनरल कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों को प्राथमिकता देती है। इसका कारण यह है कि आर्थिक रूप से कमजोर यात्री अक्सर पानी की बोतल खरीदने में असमर्थ होते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *