![]()
दक्षिण में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट गहराता जा रहा है। लगातार चौथे दिन भी गुस्साए लोगों ने सबस्टेशनों पर जमकर हंगामा किया। वहीं, गुंजन विहार में लोगों का गुस्सा उस समय फूटा, जब 48 घंटे बाद नया ट्रांसफार्मर लेकर पहुंचे केस्को कर्मी ने केबल और औजार भूल जाने की बात कही तो उसे बंधक बना लिया। इस दौरान वहां केस्को अधिकारियों को लगातार फोन मिलाता रहा, लेकिन किसी ने भी काल रिसीव नहीं किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद जाकर मरम्मत का कार्य शुरू हो सका। मंगलवार शाम पहुंचे थे बिजलीकर्मी गुंजन विहार निवासी सोनू के मुताबिक दो दिन पहले लक्ष्मण पार्क में लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिसके बाद से सैकड़ों घरों की बिजली आपूर्ति बाधित थी। भीषण गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया था। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। मंगलवार को हंगामे के बाद बुधवार शाम करीब चार बजे केस्कोकर्मी नया ट्रांसफार्मर लेकर पहुंचा, जिसके बाद आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जगी, लेकिन ट्रांसफार्मर उतारने के बाद जैसे ही कर्मी ने बताया कि वह केबल और औजार लाना भूल गया है। उन्हें वापस जाना पड़ेगा। यह सुनते ही वहां मौजूद लोग भड़क गए। लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही से पहले ही दो दिन से क्षेत्र अंधेरे है और अब काम में फिर देरी की जा रही है। इसके बाद लोगों ने कर्मी को जाने नहीं दिया और उसे वहीं बैठा लिया। इसके बाद केस्को कर्मी ने मोबाइल से अधिकारियों को फोन कर स्थिति की जानकारी देने और मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। करीब तीन घंटे तक लोग उसे घेरकर खड़े रहे। बाद में पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझाया। वहीं, केस्को अधिकारियों ने जल्द केबल और औजार भेजकर ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी लोग मौके से नहीं हटे। वहीं बार-बार आपूर्ति बाधित होने से गुस्साए लोगों ने कर्रही और बर्रा दो स्थित विद्युत कालोनी सबस्टेशन का घेराव करके नारेबाजी की। यहां पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।
Source link
गुंजन विहार में केस्को कर्मी भूले औजार, बनाया बंधक:48 घंटे बाद नया ट्रांसफार्मर लेकर पहुंचे कर्मी, बर्रा-2 में जमकर हुई नारेबाजी














Leave a Reply