![]()
भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन शनिवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना पहुंचे। नगर आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सबसे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार के साथ मिलकर आसमान में शांति और समृद्धि के प्रतीक सफेद और हरे रंग के गुब्बारे छोडक़र सत्र का शुभारंभ किया। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान मीडिया से अनौपचारिक चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी सादगी की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि वे कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर भोजन करते हैं क्योंकि वे खुद को नेताओं की श्रेणी में नहीं, बल्कि पहले एक समर्पित कार्यकर्ता मानते हैं। इस मौके पर भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कोई गुटबाजी नहीं है। उल्टे उन्होंने कहा कि आप लोगों (मीडिया) में भी तो गुटबाजी है। इस विशेष शिविर का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने भाजपा की संगठनात्मक कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की। सिंधिया ने प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की यह एक बेहद अनूठी और मजबूत प्रणाली है, जिसके तहत संगठन के नवगठन के साथ ही अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र से लेकर देश के आखिरी गांव और पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक हमारी पार्टी की मूल सोच, राष्ट्रभक्ति और जनसेवा की विचारधारा को कैसे निर्मित व प्रवाहित किया जाए, इसका गहन प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को मिलता है। उन्होंने आगे कहा कि एक नई सोच और दृढ़ विचारधारा के साथ इस प्रक्रिया से हर व्यक्ति का नवनिर्माण होता है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार रात अशोकनगर में, शनिवार सुबह शिवपुरी में और अब गुना के इस वर्ग में सहभागिता की है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए जिले के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को अपनी ओर से बधाई व शुभकामनाएं दीं। सिंधिया ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में भाजपा का एक-एक सिपाही पूरे देश और प्रदेश की सेवा में पूर्ण रूप से समर्पित होकर लगा हुआ है
Source link
गुटबाजी के सवाल पर बोले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया:पत्रकारों से कहा- आप लोगों में भी तो गुटबाजी है; प्रशिक्षण वर्ग को किया संबोधित














Leave a Reply