गुना में एक किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:राजस्थान से अफीम की डिलीवरी देने आए थे; 11 लाख रुपए का माल जब्त




गुना के मृगवास इलाके में पुलिस ने नशा तस्करों को पकड़ा है। उनके कब्जे से एक किलो अफीम बरामद की गई है। वह राजस्थान से अफीम सप्लाई करने गुना आए थे। बरामद अफीम की कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई गई है। मृगवास पुलिस ने बताया कि SP हितिका वासल के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ASP मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और चांचौड़ा SDOP मनोज कुमार झा के नेतृत्व में मृगवास थाना पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए बाईक पर अवैध मादक पदार्थ अफीम की तस्करी करते दो अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार किए हैं। मृगवास थाना अंतर्गत सानई चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि राजस्थान की ओर से एक हीरो स्पलेंडर मोटर साइकिल क्रमांक RJ28 ST 3530 पर दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ अफीम लेकर बेचने हेतु सानई तरफ आने वाले हैं। अफीम तस्करी की इस सूचना पर सानई चौकी से तत्काल पुलिस की एक टीम ग्राम बंजारीकला के कच्चे रास्ते पर पहुंची, जहां संदेहियों के आने का इंतजार किया। कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए की मोटर साइकिल व व्यक्तियों के आते दिखाई देने पर पुलिस टीम द्वारा उन्हें भागने का अवसर न देते हुए घेराबंदी कर धर दबोच लिया गया। पूछताछ पर उन्होंने अपने नाम राधेश्याम पुत्र गोरीलाल बंजारा उम्र 45 साल और जगदीश उर्फ भूरा पुत्र शब्बालाल बंजारा उम्र 35 साल निवासीगण ग्राम मानपुरा थाना हरनावदा शाहजी जिला बारां (राजस्थान) के बताए। मुखबिर सूचना के आधार पर उनकी विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद थैले से 1.010 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपियों के कब्जे से बरामद अफीम कीमती करीब 10 लाख रुपये और घटना में इस्तेमाल की गई मोटर साइकिल कीमत करीब 01 लाख रुपये सहित कुल लगभग 11 लाख रुपये का माल पुलिस ने विधिवत जप्त किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध मृगवास थाने में अपराध क्रमांक 54/26 धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों के अफीम तस्करी के अन्य स्त्रोतों और संभावित नेटवर्क के संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *