![]()
गोरखपुर में भीषण गर्मी और उमस के बीच शुक्रवार रात बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। रुस्तमपुर उपकेंद्र से जुड़े करीब 15 हजार घरों की बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद बड़ी संख्या में लोग देर रात उपकेंद्र पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। नाराज लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और हाईवे जाम करने की भी कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। 33 केवी लाइन में फाल्ट से ठप हुई सप्लाई जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब नौ बजे अमरूद मंडी के पास जाने वाली 33 केवी लाइन में अचानक फाल्ट आ गया। बताया गया कि लाइन का जंपर उड़ने से रुस्तमपुर उपकेंद्र की सप्लाई बाधित हो गई। इसके बाद चिलमापुर, भरवलिया, आजाद नगर, रुस्तमपुर, बेतियाहाता और आसपास के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में बिजली कटने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों में पंखे और कूलर बंद हो गए। कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई। लोग लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करते रहे, लेकिन समय पर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ती चली गई। रात 11:30 बजे उपकेंद्र पहुंचे लोग करीब ढाई घंटे तक बिजली बहाल नहीं होने पर लोगों का धैर्य जवाब दे गया। रात लगभग 11:30 बजे बड़ी संख्या में लोग रुस्तमपुर उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि बिजली विभाग समय पर फाल्ट ठीक नहीं करता और उपभोक्ताओं को सही जानकारी भी नहीं दी जाती। कुछ लोगों ने हाईवे जाम करने की कोशिश भी की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद बिजली विभाग की टीम ने तेजी से काम शुरू किया। देर रात फाल्ट ठीक होने के बाद धीरे-धीरे बिजली आपूर्ति बहाल की गई। कई अन्य इलाकों में भी बिजली संकट रुस्तमपुर के अलावा शहर के अन्य इलाकों में भी बिजली संकट बना रहा। मोहद्दीपुर क्षेत्र में फाल्ट के कारण करीब 45 मिनट तक बिजली बाधित रही। शाहपुर उपकेंद्र के असुरन फीडर से जुड़े इलाकों में भी दोपहर से शाम तक कटौती की समस्या बनी रही। राप्तीनगर क्षेत्र में भी आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं खोवा मंडी इलाके के लोगों ने बार-बार बिजली ट्रिपिंग और कटौती की शिकायत की। लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। विभाग ने अधिकारियों पर की कार्रवाई इधर, बुधवार रात रुस्तमपुर और लालडिग्गी क्षेत्र में हुई बिजली कटौती के मामले में बिजली विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। टाउनहाल के एक्सईएन और लालडिग्गी उपखंड के एसडीओ को नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही संबंधित जेई को हटाकर परीक्षण खंड भेज दिया गया है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल करने में लापरवाही, कर्मचारियों पर नियंत्रण की कमी और समय पर समस्या का समाधान नहीं होने के कारण कार्रवाई की गई है। विभागीय अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। गर्मी में बढ़ रही लोगों की परेशानी शहर में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच बिजली कटौती लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। रात में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि फाल्ट की समस्याओं को जल्द दूर किया जाए और कटौती की स्थिति में सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
Source link
गोरखपुर में बिजली कटौती से भड़के लोग:देर रात उपकेंद्र पहुंच कर किए हंगामा, हजारों घर की बिजली रही गुल















Leave a Reply