ग्राम प्रधानों का तीन सूत्री मांगों पर प्रदर्शन:पंचायत चुनाव, तालाब की धनराशि और सड़क मरम्मत की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन




अयोध्या जिले के सैकड़ों ग्राम प्रधानों ने सोमवार शाम अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रधान गांधी पार्क में एकत्र हुए और कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय को सौंपा। प्रधानों की प्रमुख मांगों में पंचायत चुनाव समय पर कराने की मांग शामिल थी। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश चुनाव समय पर संभव न हो, तो वर्तमान ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए या उन्हें पूर्व की भांति प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी दी जाए। इससे ग्राम पंचायतों के विकास कार्य बाधित नहीं होंगे। दूसरी प्रमुख मांग ग्राम पंचायतों में स्थित तालाबों और पोखरों की नीलामी से प्राप्त धनराशि को लेकर थी। प्रधानों ने आरोप लगाया कि यह धनराशि कई वर्षों से तहसील और जनपद स्तर पर समेकित गांव कोष में जमा है। नियमानुसार, इसका 75 प्रतिशत हिस्सा संबंधित ग्राम निधि खातों में स्थानांतरित किया जाना चाहिए, लेकिन जिलाधिकारी के पूर्व आदेश के बावजूद ग्राम पंचायतों को यह धनराशि अब तक नहीं मिली है। तीसरी मांग जल जीवन मिशन के तहत गांवों में पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और नालियों की मरम्मत से संबंधित थी। प्रधानों ने बताया कि कार्यदायी संस्थाओं ने खुदाई के बाद सड़कें और नालियां बदहाल छोड़ दी हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने इनकी शीघ्र मरम्मत की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय ने प्रधानों को आश्वासन दिया कि उनका मांग पत्र मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा और जिले से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि जिले के सभी प्रधान एकजुट हैं और संगठन के आह्वान पर 20 मई को बड़ी संख्या में प्रधान लखनऊ पहुंचकर अपनी आवाज उठाएंगे। इस अवसर पर सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष, संगठन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *