ग्राम सभा की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप:देवरिया में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की




देवरिया। सलेमपुर तहसील के ग्राम पिपरा मिश्र में ग्राम सभा की बंजर भूमि पर अवैध कब्जे और सार्वजनिक रास्ता बंद करने के आरोप में ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पिपरा मिश्र में गाटा संख्या 325 और 333छ राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि के रूप में दर्ज हैं। आरोप है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा इस भूमि पर अवैध रूप से बाउंड्री बनाकर कब्जा किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2024 में जिलाधिकारी के निर्देश पर लेखपाल और राजस्व निरीक्षक ने भूमि की पैमाइश की थी। इस दौरान एक हिस्से पर अवैध बाउंड्री पाई गई थी, जिसके बाद तहसीलदार न्यायालय में धारा 67(1) के तहत एक वाद विचाराधीन है। अब उसी भूमि के खाली हिस्से पर फिर से बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान वर्षों पुराने पीपल के पेड़ को जेसीबी से हटवा दिया गया, जहां गांव के लोग पूजा-पाठ करते थे। ग्रामीणों द्वारा लगाए गए नए पीपल के पौधे को भी उखाड़ दिए जाने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि इस निर्माण से गांव का सार्वजनिक रास्ता भी बंद हो रहा है, जिससे आवागमन में दिक्कतें आएंगी। शिकायत के बाद लेखपाल ने कुछ दिनों तक काम रुकवाया था, लेकिन बाद में निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से ग्राम सभा की भूमि को कब्जा मुक्त कराने, सार्वजनिक रास्ता बहाल करने और अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *