ग्वालियर में खदान के गड्ढे में मिला युवक का शव:मृतक की शर्ट के दोनों पल्ले बांधकर उसमें भरे थे पत्थर, हत्या की आशंका




ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित के एक खदान के पानी से भरे गड्ढे में शुक्रवार शाम एक युवक का शव उतराता मिला। शुरुआती जांच में मामला सामान्य डूबने का नहीं लग रहा है। जब पुलिस ने शव को बाहर निकाला तो कई संदिग्ध तथ्य सामने आए। मृतक की शर्ट के निचले दोनों छोर आपस में बंधे हुए थे और उसमें छोटे-छोटे पत्थर भरे गए थे। इसे देखकर पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। शव काफी गल चुका है, जिसके कारण शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान स्पष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट ने भी पहुंचकर जांच की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। शव पूरी तरह गला, स्पॉट पर पहुंचे फोरेंसिक एक्सपर्ट
चूंकि शव पानी में डूबा हुआ था, इसलिए वह पूरी तरह से गल चुका है। आशंका जताई जा रही है कि यह शव करीब दो से तीन दिन पुराना है। घटना की गंभीरता और मर्डर के पुख्ता संशयों को देखते हुए पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक एक्सपर्ट कोकसिंह को जांच के लिए स्पॉट पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल और शव के पास से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। शव के अत्यधिक गल जाने के कारण शरीर पर बाहरी चोट या घाव के निशान साफ तौर पर नजर नहीं आ रहे हैं, जिसके चलते मौत की सटीक वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतक की शिनाख्त के लिए खंगाले जा रहे रिकॉर्ड
बहोड़ापुर पुलिस के लिए इस समय सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है। पुलिस जिले और आसपास के थानों में पिछले तीन-चार दिनों के भीतर दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि युवक का सुराग लगाया जा सके। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार ने बताया- खदान के गड्ढे से एक युवक का शव बरामद किया गया है। शव काफी गल चुका है, जिसकी अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक की शर्ट के पल्ले बंधे थे और उसमें पत्थर भरे मिले हैं, जो घटना सामान्य नहीं होने की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल शव को डेड हाउस (मर्चुरी) पहुंचा दिया गया है। मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की कड़ियां साफ हो सकेंगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *