![]()
ग्वालियर के कम्पू थाना क्षेत्र में 31 वर्षीय महिला दीक्षा राजावत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति और ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहे हैं, जबकि मायके वालों ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे की है। दीक्षा राजावत पत्नी यतेंद्र सिंह उर्फ यानु राजावत कम्पू थाना क्षेत्र स्थित आमखो पहाड़िया शिवाजी नगर टंकी के पास रहती थी। महिला को गंभीर हालत में उसके पति और परिवार के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे ससुराल वाले घटना के बाद पति यतेंद्र सिंह और ससुराल पक्ष का कहना है कि दीक्षा ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या की है। वहीं दूसरी ओर मायके पक्ष ने इस पूरे मामले को हत्या बताते हुए पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के परिजनों का कहना है कि दीक्षा को लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और उसके साथ अक्सर मारपीट की जाती थी। मृतका के मामा किशन सिंह राठौर ने आरोप लगाया है कि यतेंद्र सिंह शराब पीने का आदी है और जुआ खेलने की भी लत है। उन्होंने कहा कि आरोपी पति जुए में दीक्षा के जेवर तक हार चुका था। इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। परिजनों का आरोप है कि दीक्षा मानसिक और शारीरिक रूप से काफी परेशान थी, जिसके चलते वह अपने परिवार का सहयोग करने और खुद का खर्च चलाने के लिए एक निजी स्कूल में करीब 6 हजार रुपए प्रतिमाह की नौकरी भी करती थी। पैर और छाती पर चोट के निशान परिजनों के मुताबिक दीक्षा की शादी लगभग 10 साल पहले यतेंद्र सिंह से हुई थी और उनकी एक 8 साल की बेटी भी है। मायके पक्ष का कहना है कि पति लगातार उसे प्रताड़ित करता था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दो दिन पहले ही यतेंद्र गुजरात से छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था और उसके आने के बाद ही यह घटना हुई। मृतका के मामा किशन सिंह राठौर ने दावा किया है कि दीक्षा ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। उनका कहना है कि दीक्षा के गले पर फांसी लगाने जैसे कोई स्पष्ट निशान नहीं थे, जबकि उसके पैर और छाती पर चोट और मारपीट के निशान दिखाई दे रहे थे। परिजनों का आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गला घोंटकर हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण घटना की सूचना मिलते ही कम्पू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर गुरुवार को मामला दर्ज कर लिया गया है। कम्पू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार का कहना है कि महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
ग्वालियर में विवाहिता की संदिग्ध मौत:मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पति बोला-फांसी लगाकर की आत्महत्या, मामा का आरोप मुंह दबाकर मारा















Leave a Reply