घर में सो रही महिला की गला रेतकर हत्या:बिजली काटकर घर में घुसा हमलवार; कराहल में 15 मई को युवक पर भी हमला हुआ था




श्योपुर के गुर्जर बस्ती में मंगलवार रात एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावर ने घर में सो रही महिला द्रोपदी गुर्जर (50) पर धारदार हथियार से हमला किया। मामला कराहल कस्बे की चार खंभा का है । घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, द्रोपदी गुर्जर पत्नी कमल गुर्जर रात में घर में सो रही थीं। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर उन पर धारदार हथियार से हमला किया। हमलावर ने महिला की गर्दन पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया। आरोपी ने पहले मकान की बिजली काटी, फिर किया वार वारदात को बदमाश ने सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। आरोपी ने पहले मकान की बिजली काटकर घर को अंधेरे में डुबोया, फिर महिला की हत्या कर दी। घटना के समय महिला का पति कमल गुर्जर मकान की छत पर सो रहा था। आरोपी ने उस पर चाकू से वार किया। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुका था। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया सूचना मिलते ही कराहल एसडीओपी अवनीत शर्मा और थाना प्रभारी यास्मीन खान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, अभी पुलिस ने शव को निगरानी में रखा है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। थाना प्रभारी यास्मीन खान ने बताया कि महिला की हत्या धारदार हथियार से की गई है और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। 15 मई को एक युवक पर भी हमला सामाजिक कार्यकर्ताओं के अनुसार, इसी क्षेत्र में 15 मई की रात भी एक सनसनीखेज हमला हुआ था। चार खंभा गुर्जर मोहल्ले में रामचरन गुर्जर पर उस समय धारदार हथियार से हमला किया गया, जब वह अपने बाड़े में सो रहा था। हमले में युवक के मुंह, होंठ और जबड़े पर गंभीर चोटें आई थीं। उसे पहले कराहल अस्पताल ले जाया गया, बाद में जिला अस्पताल श्योपुर से कोटा रेफर किया गया। लगातार एक ही इलाके में हो रही घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *