चंदौली में भाजपा नेता महेंद्र सेठ पर केस:बिजली कटौती के विरोध में दिया था धरना, 10 अज्ञात पर भी FIR




चंदौली जिले के बबुरी उपकेंद्र पर बिजली कटौती और जेई प्रदीप कुमार यादव की मनमानी के आरोप में हुए धरना-प्रदर्शन और तालाबंदी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। बबुरी पुलिस ने जेई प्रदीप कुमार यादव की तहरीर पर भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। यह घटना 21 मई की रात की है, जब बबुरी कस्बा स्थित उपकेंद्र पर दर्जनों ग्रामीण जमा हो गए थे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले 15 दिनों से गांव में रात के समय केवल 3 से 4 घंटे ही बिजली मिल रही है, जिससे भीषण गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों का जीवन मुश्किल हो गया है। इसके विपरीत, अपोलो फैक्ट्री को 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है। इस दौरान बबुरी निवासी और भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि वह 35 साल से भाजपा के कार्यकर्ता हैं और सपा-बसपा सरकारों में भी बिजली के लिए इसी उपकेंद्र पर धरना दिया था। उन्होंने अपनी ही पार्टी के राज्यसभा सांसद और विधायक होने के बावजूद बिजली के लिए संघर्ष करने को शर्मनाक बताया। बिजली विभाग के जेई प्रदीप कुमार यादव की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू और दस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब इस मामले की गहन जांच-पड़ताल कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *