![]()
रामपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से एक स्कूल प्रधानाचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सोमवार रात करीब दस बजे बाइक से घर लौटते समय उनकी गर्दन मांझे की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से कट गई। हादसे के बाद राहगीरों ने घायल प्रधानाचार्य को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी गर्दन पर सात टांके लगाए। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल प्रधानाचार्य की पहचान ज्वालानगर स्थित साईं विहार कॉलोनी निवासी राहुल कुमार (33) के रूप में हुई है। वह नैनीताल हाईवे स्थित सनैया सुख गांव में न्यू एकता जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य हैं। उनके पिता शिशुपाल सिंह भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक हैं। राहुल कुमार सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे अपने लोधी मेडिकल स्टोर से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। ताशका गांव के पास अचानक हवा में लटक रहा चाइनीज मांझा उनकी गर्दन से टकरा गया। मांझा इतनी तेजी से गर्दन में फंसा कि गर्दन कट गई और खून बहने लगा, जिससे वह बाइक रोककर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की खुलेआम बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।
Source link
चाइनीज मांझे से प्रधानाचार्य की गर्दन कटी:रामपुर में बाइक सवार घायल, सात टांके लगे; परिजनों ने कार्रवाई की मांग की














Leave a Reply