चित्रकूट में रेटिनो ब्लास्टोमा जागरूकता सप्ताह:बच्चों में आंख के कैंसर के प्रति किया गया जागरूक




चित्रकूट स्थित श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट के सदगुरू नेत्र चिकित्सालय में रेटिनो ब्लास्टोमा जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों की आंखों में होने वाले कैंसर रोग के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अस्पताल प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की आंखों में किसी भी असामान्य लक्षण के दिखाई देने पर तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लें। यह कार्यक्रम ट्रस्टी एवं डायरेक्टर डॉ. इलेश जैन, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आलोक सेन तथा ऑक्यूलो प्लास्टी विभागाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पाटीदार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जागरूकता सप्ताह के दौरान पोस्टर, पंपलेट, फोटोबूथ, रंगोली और रैली जैसे माध्यमों से लोगों को रेटिनो ब्लास्टोमा, जिसे आंख के पर्दे का कैंसर भी कहा जाता है, के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। डॉ. नरेंद्र पाटीदार ने बताया कि यदि किसी बच्चे की आंख की पुतली में सफेदी, आंख का तिरछापन या आंख में लगातार लालपन बना रहे, तो इसे सामान्य समस्या मानकर अनदेखा नहीं करना चाहिए। ये लक्षण रेटिनो ब्लास्टोमा के संकेत हो सकते हैं। उन्होंने जोर दिया कि समय पर पहचान और उपचार शुरू होने से बच्चे की आंख और जान दोनों बचाई जा सकती हैं। वहीं, डॉ. इलेश जैन ने कहा कि इस बीमारी में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर बिना देर किए बच्चों की आंखों की जांच कराएं। डॉ. जैन के अनुसार, जागरूकता के अभाव में कई मरीज देर से अस्पताल पहुंचते हैं, जिससे उनका इलाज अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाता है। जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से परिक्रमा मार्ग में एक रैली भी निकाली गई। इस रैली को महिला समिति की अध्यक्षा ऊषा बी. जैन, डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव, डॉ. राजेश जोशी, डॉ. राकेश शाक्य और डॉ. गौतम सिंह परमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को बीमारी के लक्षण, पहचान और समय पर इलाज के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी और ऑक्यूलो प्लास्टी विभाग के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *