![]()
छतरपुर शहर में पुलिस पर एक युवक के घर में अवैध शराब रखवाकर झूठी कार्रवाई करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में सीसीटीवी वीडियो और एक ऑडियो वायरल होने के बाद रविवार को पुलिस अधीक्षक (SP) रजत सकलेचा ने सिटी कोतवाली में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल अरविंद शर्मा और आरक्षक उमाशंकर शुक्ला को लाइन अटैच कर दिया है। वायरल सीसीटीवी फुटेज में एक युवक स्कूटी से शराब की पेटियां लेकर एक मकान तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मी के इशारे पर शराब की पेटियां मकान के अंदर रखवाई गईं। इसके कुछ देर बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध शराब रखने के आरोप में कार्रवाई की। 6 पुलिसकर्मी मकान पर पहुंचे थे
पीड़ित युवक अरविंद मिश्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर बताया कि यह घटना 18 मई की है। उनके अनुसार, वह शाम 4:42 बजे घर से बाहर चले गए थे। इसके बाद शाम 5:53 बजे करीब छह पुलिसकर्मी, जिनमें दो महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं, उनके किराए के मकान पर पहुंचे। युवक का आरोप है कि शाम 6:33 बजे दो युवक शराब की पेटियां लेकर आए और प्रधान आरक्षक अरविंद शर्मा की मौजूदगी में शराब घर के अंदर रखवाई गई। बाद में रात करीब 9 बजे पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई की और रात 11:57 बजे उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी। अरविंद मिश्रा ने खुद को छात्र और एक निजी कंपनी में कार्यरत बताया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ पहले कभी कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने एसपी से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। युवक ने यह भी चेतावनी दी कि यदि उनके करियर को नुकसान पहुंचा तो वह आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होंगे। ऑडियो में दावा- शराब हमारी थी, तुम्हारी नहीं
इसी बीच, कथित शराब तस्कर शेरू खान का एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। इस बातचीत में वह कथित तौर पर अरविंद से कहता सुनाई दे रहा है कि ‘शराब हमारी थी, तुम्हारी नहीं। हम अदालत में सरेंडर कर लेंगे। तुम्हारे ऊपर आंच नहीं आने देंगे।’ ऑडियो में यह दावा भी किया गया है कि ‘1 पेटी की जगह 15 पेटी दिखा दी गई’। मामले में सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया था कि 18 मई को युवक के घर से अवैध शराब जब्त होने पर प्रकरण दर्ज किया गया था। युवक द्वारा दिए गए आवेदन और सीसीटीवी फुटेज की जांच एएसपी आदित्य पटले को सौंपी गई है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच के बीच ही SP ने 2 पुलिसकर्मियों को लाईन अटैच किया है।
Source link
छतरपुर में युवक के घर शराब रखवाकर फर्जी केस बनाया:वायरल CCTV के बाद 2 पुलिसकर्मी लाइन अटैच















Leave a Reply