छतरपुर में PWD का जर्जर भवन जमींदोज:आधी रात जेसीबी से तोड़ी गई पुरानी बिल्डिंग; हादसे से बचने रात में हुई कार्रवाई




छतरपुर शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सरानी दरवाजा के बाहर स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) की जर्जर बिल्डिंग को रविवार देर रात जमींदोज कर दिया गया। विभाग ने बुलडोजर और जेसीबी की मदद से इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया। यह कदम दिन के समय होने वाली भीड़भाड़ और संभावित हादसों को टालने के उद्देश्य से आधी रात के सन्नाटे में उठाया गया। जिस भवन को गिराया गया है, वह काफी लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। इसके अचानक गिरने से किसी भी वक्त कोई बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। इलाके के स्थानीय लोगों ने भी कई बार इस भवन की खराब स्थिति को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर की थीं, जिसके बाद विभाग ने इसे हटाने का अंतिम फैसला लिया। भीड़ और धूल से बचने के लिए रात में हुई कार्रवाई
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के मुताबिक, सरानी दरवाजा के बाहर का यह इलाका शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में आता है। आसपास बाजार और रिहायशी क्षेत्र होने से यहां दिनभर लोगों की भारी आवाजाही रहती है। दिन में मशीनें चलने से उड़ने वाली धूल-मिट्टी और भीड़ जमा होने से दुर्घटना के खतरे को देखते हुए रात के समय कार्रवाई की योजना बनाई गई। पुलिस की मौजूदगी में हटा मलबा, टला बड़ा खतरा
देर रात जब इलाके में सन्नाटा पसरा और आवाजाही कम हुई, तब सुरक्षा इंतजामों के बीच जेसीबी और बुलडोजर से बिल्डिंग को सुरक्षित तरीके से गिराया गया। कुछ घंटों तक चली इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस और विभागीय अमला मौके पर तैनात रहा। भवन को धराशायी करने के बाद मलबा हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया है, जिससे अब क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी खतरा पूरी तरह समाप्त हो गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *