![]()
फिरोजाबाद के नगला बिलोटिया गांव में एक छात्र ने लाइब्रेरी में कथित पिटाई और सार्वजनिक अपमान के बाद आत्महत्या कर ली। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और परिजनों ने करीब छह घंटे तक शव नहीं उठाने दिया। पुलिस ने पिता की शिकायत पर लाइब्रेरी संचालक सहित अन्य के खिलाफ हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। मृतक छात्र की पहचान 17 वर्षीय अतिन के रूप में हुई है, जो बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह दिव्यांग किसान अजय कुमार का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर अतिन अपने दोस्तों के साथ प्रतापपुर चौराहे के पास स्थित आरएम लाइब्रेरी गया था। आरोप है कि वहां लाइब्रेरी संचालक और कुछ अन्य लोगों ने उसे जातिसूचक शब्द कहे, छात्राओं के सामने अपमानित किया और उसके साथ मारपीट की। परिजनों ने बताया कि इस घटना से आहत अतिन रात को खेत पर बने अपने कमरे में पढ़ने गया था। रविवार सुबह ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा खुला देखा तो अंदर अतिन का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान कमरे से एक पन्ने का सुसाइड नोट बरामद किया। पिता अजय कुमार की तहरीर पर लाइब्रेरी संचालक अतुल सिकेरा, ध्रुव और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अजय कुमार ने आरोप लगाया कि कमरे में खून बिखरा हुआ था और दरवाजा भी खुला था, जिससे उन्हें बेटे की हत्या की आशंका है। शिकोहाबाद के सीओ अंबरीश कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। लाइब्रेरी संचालक अतुल सिकेरा, ध्रुव समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।
Source link
छात्र की मौत पर हत्या का मुकदमा दर्ज:लाइब्रेरी में पिटाई से आहत होकर की थी आत्महत्या, 3 हिरासत में














Leave a Reply