छिंदवाड़ा में पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर लगी लिमिट:तय सीमा से ज्यादा बेचा तो मशीनें हो जाएंगी लॉक; परासिया में पंप हुए ड्राय




छिंदवाड़ा जिले में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत शुरू हो गई है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की सप्लाई चेन प्रभावित होने के कारण तेल कंपनियों ने बिक्री पर सख्त निगरानी शुरू कर दी है। कोयलांचल क्षेत्र परासिया में हालात इतने खराब हैं कि सोमवार को अधिकांश पेट्रोल पंप पूरी तरह से ड्राय (खाली) हो गए और लोगों को अपने वाहन धक्का लगाकर ले जाने पड़े। तेल कंपनियों ने डीलर्स को मौखिक निर्देश जारी कर तय सीमा से अधिक ईंधन बेचने पर रोक लगा दी है…हर पेट्रोल पंप के स्टॉक और बिक्री की कंपनियों द्वारा सीधे ऑनलाइन निगरानी की जा रही है। डीलर्स को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित लिमिट से ज्यादा पेट्रोल या डीजल बेचा गया, तो संबंधित रिफ्यूलिंग मशीन को तुरंत लॉक कर दिया जाएगा। कंपनियों की ओर से नया टैंकर तभी भेजा जा रहा है, जब पंप का पुराना स्टॉक पूरी तरह से खत्म होने की कगार पर हो। वाहन चालकों के लिए लागू हुई राशनिंग व्यवस्था किल्लत को देखते हुए पंप संचालकों ने भी ग्राहकों को सीमित मात्रा में ईंधन देना शुरू कर दिया है। ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कई जगहों पर ग्राहकों को उनकी टैंक क्षमता का केवल 25 प्रतिशत ईंधन ही उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में लागू की गई राशनिंग व्यवस्था: परासिया: संकट का सबसे ज्यादा असर यहीं दिखा। नगर क्षेत्र में संचालित पांचों पेट्रोल पंप सोमवार सुबह से ही ड्राय हो गए। पंपों के बाहर ‘नो स्टॉक’ और ‘ड्राय’ के बोर्ड लगने से वाहन चालक एक पंप से दूसरे पंप तक भटकते नजर आए। अन्य प्रभावित क्षेत्र: न्यूटन चिखली, रावनवाड़ा बाईपास मार्ग के दो पंप और खिरसाढोह स्थित पेट्रोल पंपों पर भी दिनभर उपभोक्ता परेशान हुए। शाम को जब स्टॉक पहुंचा, तो रात तक पेट्रोल भरवाने वालों की लंबी कतारें लगी रहीं। क्यों बने ऐसे हालात? मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में बिगड़ते हालातों की आशंका के चलते कच्चे तेल की सप्लाई चेन पर असर पड़ा है। तेल कंपनियां फिलहाल इस व्यवस्था के जरिए कालाबाजारी और अनावश्यक स्टॉकिंग (जमाखोरी) को रोकने की कोशिश कर रही हैं। दूसरी ओर, ईंधन संकट की खबरों से आम जनता में भी चिंता बढ़ गई है और कई लोग एहतियातन अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल स्टोर करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *