![]()
गांव में पीने का पानी नहीं है। अभी तक नहाया नहीं है। बेटा मजदूरी करने गया है। वह आएगा फिर पानी लेने जाएगा। दो किमी दूर से पानी लेकर आना पड़ता है। मैं तो जब से इस गांव में आई हूं, कभी पानी का सुख नहीं मिला। मायके से आने के बाद से ही पानी के लिए परेशान हूं। गांव में नल-जल योजना के तहत पानी की टंकी बना दी, पाइप लाइन बिछाई गई। लेकिन अब तक एक बूंद पानी नहीं मिला। टंकी देखने के लिए बनी है। पानी के लिए बहुत परेशान हैं। यह आपबीती है सागर जिले के ग्राम बम्होरी बीका में रहने वाली वैजयंती बाई कोरी की। दरअसल, सागर जिले में भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। दिन का तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। लगातार बढ़ती गर्मी के साथ ही जलस्त्रोतों में पानी सूखने लगा है। जिले के कई गांवों में लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। कहीं लोग एक हैंडपंप के भरोसे दिनभर पानी भर रहे हैं तो कई पर जान जोखिम में डालकर कुएं में उतरकर महिलाएं पानी भर रही हैं। सागर से सटे ग्राम बम्होरी बीका में 4 हैंडपंप हैं। लेकिन सभी हैंडपंप में पानी कम हो गया है। पर्याप्त पानी नहीं होने से गांव में जलसंकट उभरा है। प्रशासन ने गांव में नल-जल योजना के तहत करीब 2 से 3 साल पहले पानी की टंकी बनवाई। गांव में घर-घर पाइप-लाइन बिछवाई गई हैं। लेकिन अब तक टंकी से पानी का वितरण शुरू नहीं हुआ है। जिस कारण लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। हालत यह है कि गांव में डली पाइप-लाइन पानी शुरू होने से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गई है। प्राइवेट कुओं के भरोसे बुझा रहे प्यास
गांव के सूरज पांडे बताते हैं कि गांव में शुरू से ही पानी की समस्या है। गर्मी में लोग पानी के लिए एक से दो किमी दूर जाते हैं। वर्तमान में ज्यातार लोगों ने निजी कुओं से पानी के कनेक्शन डाल रखे हैं। जिसका वह भुगतान करते हैं। यदि गांव में लाइट बंद हो जाए तो पानी के लिए हाहाकार मच जाता है। पानी की टंकी बनाई गई। पाइप लाइन डाली है। लेकिन अभी पता नहीं है कि उससे पानी कब मिलेगा। चार हैंडपंप हैं। लेकिन उसमें पर्याप्त पानी नहीं है। लोग निजी बोर और कुओं के भरोसे अपनी प्यास बुझा रहे हैं। जिन के पास बोर नहीं है वह पानी खरीदकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। बगासपुरा में एक हैंडपंप के भरोसे पूरा गांव
रहली के बगासपुरा में भी लोग पानी के लिए परेशान हैं। करीब 1500 से अधिक आबादी वाले इस गांव में एक हैंडपंप चालू हालत में है। सुबह से शाम तक ग्रामीणों की हैंडपंप पर पानी भरने के लिए लाइन लगी रहती है। लोग साइकिलों पर कुप्पा टांग कर पानी भरने पहुंचते हैं। भीषण गर्मी में बच्चे और महिलाएं पानी के लिए परेशान हो रही हैं। बावजूद इसके जलसंकट से निपटने के लिए प्रशासन कोई प्रबंधन नहीं कर रहा है।
Source link
'जब से गांव आए, पानी का सुख नहीं मिला':बम्होरी बीका गांव में जलसंकट, 2KM दूर से पानी ला रहे ग्रामीण; निजी कुओं पर निर्भर लोग















Leave a Reply