जमीन विवाद में मां-भाई की हत्या:मुख्य आरोपी राजकिशोर चार दिन बाद भी फरार, बांदा पुलिस तलाश में जुटी




बांदा के बबेरू कस्बे में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी राजकिशोर का चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने इस मामले से जुड़े संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी रखी है। यह घटना जमीन विवाद को लेकर हुई थी, जिसमें राजकिशोर पर अपनी मां और भाई की हत्या का आरोप है। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी राजकिशोर अपने असलहे के साथ फरार है। उसका मोबाइल फोन भी बंद है, जिससे पुलिस उसे ट्रेस नहीं कर पा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की फिराक में है, लेकिन अभी तक उसने ऐसा नहीं किया है। बबेरू डीएसपी कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, एसओजी सहित छह टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। यह पूरा मामला बबेरू कस्बे के तिंदवारी रोड का है। यहां के निवासी जगदीश ने करीब तीन माह पहले अपनी 80 लाख रुपये की जमीन चार लोगों को बेची थी। रविवार सुबह खरीदार जमीन की नापजोख कराकर उस पर कब्जा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान जगदीश का बड़ा बेटा राजकिशोर अपनी पत्नी प्रभा देवी के साथ मौके पर पहुंचा और जमीन की नापजोख का विरोध करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि राजकिशोर की पत्नी प्रभा देवी अपनी सास शांति देवी से भिड़ गईं। इसी बीच, राजकिशोर ने अपनी लाइसेंसी दोनाली बंदूक पिता जगदीश पर तान दी। पिता को बचाने के लिए छोटा बेटा देवीदीन सामने आ गया। आरोप है कि राजकिशोर ने देवीदीन के सीने में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे को बचाने दौड़ी मां शांति देवी को भी आरोपी ने गोली मार दी। गोली लगने से मां-बेटे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बंदूक समेत फरार हो गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *