![]()
जशपुर शहर में शनिवार को दो वारदातें सामने आईं, जिनमें एक नाबालिग सहित दो लोगों पर हमला किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पहली घटना में, आरोपी ने शराब पीने के बहाने अपने एक दोस्त को सुनसान जगह ले जाकर चाकू से हमला किया। इसके कुछ ही देर बाद, उसने राह चलते एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़के की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी सचिन राम (20 वर्ष), निवासी भागलपुर बरटोली, थाना सिटी कोतवाली जशपुर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 296, 351(2) एवं 118(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 17 मई 2026 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के ग्राम कोमडो और भागलपुर बरटोली में हुई। प्रार्थी दीपक कुमार भगत (42 वर्ष), निवासी गाढ़ा टोली जशपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका भांजा कृष्णा भगत (15 वर्ष), निवासी भागलपुर बरटोली, दोपहर करीब 2:30 बजे बाकी नाला स्थित धोबी घाट की ओर नहाने जा रहा था। इसी दौरान आरोपी सचिन राम ने बिना किसी कारण उसे रोका और जमीन पर पटककर हाथ, मुक्के और लात से बुरी तरह मारपीट की। हमले में किशोर के गले, चेहरे और कनपटी में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। “चलो शराब पीकर आते हैं” कहकर दोस्त को ले गया, फिर चाकू से किया हमला भागलपुर बरटोली निवासी सूरज रजक उम्र 22 वर्ष ने पुलिस को बताया कि उसी दिन दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी सचिन राम उसे शराब पीने के बहाने अपनी मोटरसाइकिल में बैठाकर ग्राम कोमडो ले गया। सूरज रजक के मुताबिक मंदिर के पास पहुंचने के बाद आरोपी ने अचानक कहा कि “मेरा लड़ने का मन कर रहा है, चलो लड़ते हैं” और गंदी-गंदी गालियां देते हुए अपने पास रखे चाकू से उसकी पीठ और माथे पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान सूरज ने आरोपी से चाकू छीनने की कोशिश की, जिसमें चाकू आधा टूट गया। किसी तरह वह पास के मंदिर में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, जबकि आरोपी वहां से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लिया, देर रात घेराबंदी कर दबोचा आरोपी दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थलों का निरीक्षण किया। मृतक कृष्णा भगत के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया, वहीं घायल सूरज रजक का मेडिकल चेकअप कर इलाज शुरू किया गया। घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सचिन राम भागलपुर क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं को करने की बात स्वीकार कर ली। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। हत्या और चाकूबाजी के मामले में सख्त कार्रवाई : एसएसपी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि हत्या और चाकूबाजी जैसे गंभीर मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है तथा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।
Source link
जशपुर में नाबालिग सहित दो पर हमला,आरोपी गिरफ्तार:सुनसान जगह पर ले जाकर दोस्त पर किया चाकू से हमला, फिर राह चलते नाबालिग की हत्या















Leave a Reply