![]()
जालौन में उरई कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बाइक चोरी की घटनाओं में वांछित चल रहे कुख्यात बदमाश सुनील कुशवाहा निवासी रामपुरा के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया गया है। यह मुठभेड़ उरई कोतवाली क्षेत्र के बघौरा बाईपास के समीप मरघट स्थल के पीछे देर रात हुई। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात बाइक चोर इलाके में देखा गया है। सूचना मिलते ही उरई कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम सक्रिय हो गई और घेराबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम का सामना सुनील कुशवाहा से हो गया। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पिछले करीब आठ महीनों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायर किए थे, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। एएसपी ने बताया कि सुनील कुशवाहा के खिलाफ विभिन्न थानों में बाइक चोरी समेत 13 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय था। बाइक चोरी की कई घटनाओं में उसका नाम सामने आया था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और लोगों में चर्चा का माहौल बना रहा।
Source link
जालौन में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल:8 महीने से फरार बाइक चोर गिरफ्तार, घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग की















Leave a Reply