जालौन में सर्राफा व्यापारी बुलियन बिक्री हतोत्साहित करने पर सहमत:देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करने को प्रशासन के साथ बैठक की




जालौन में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने के उद्देश्य से प्रशासन और सर्राफा व्यापारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें बुलियन (सोना-चांदी) की बिक्री को हतोत्साहित करने पर सहमति बनी। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने की। राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित इस बैठक में जनपद के सर्राफा व्यापारी, ज्वैलर्स एसोसिएशन, बुलियन कारोबारी और व्यापार मंडल के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में प्रधानमंत्री की बुलियन और सोना खरीदने संबंधी अपील तथा मुख्यमंत्री के निर्देशों पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने व्यापारियों को वैश्विक परिस्थितियों और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण देश की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है, ऐसे में राष्ट्रहित में सरकार का सहयोग करना सभी व्यापारियों की जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने व्यापारियों से स्वेच्छा से सोने और चांदी की बुलियन, ईंट और बिस्कुट की खरीद-बिक्री को हतोत्साहित करने की अपील की। इस पर सर्राफा व्यापारियों और ज्वैलर्स एसोसिएशन ने पूर्ण सहमति जताई। व्यापारियों ने आश्वासन दिया कि वे सीधे ग्राहकों को 24 कैरेट खरा सोना, बुलियन और बार नहीं बेचेंगे। इसके बजाय, वे लोगों को पुरानी ज्वैलरी को रिसाइकिल कर नई ज्वैलरी बनवाने के लिए प्रेरित करेंगे। व्यापारियों ने कहा कि देशहित सर्वोपरि है और वे वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में सरकार के साथ खड़े हैं। उन्होंने प्रशासन को अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।जिलाधिकारी ने व्यापारियों को प्रशासन की ओर से हरसंभव मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी जालौन रिंकू सिंह राही, जलशक्ति मंत्री अरविंद चौहान, उपायुक्त अमित कुमार यादव, सहायक आयुक्त आशीष मिश्रा, ब्रजेश कुमार सरोज, राज्य कर अधिकारी सचिन आनंद, सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष श्याम किशोर गुप्ता, प्रभंजन सर्राफा अग्रवाल कोंच, आशीष अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *