![]()
झाबुआ जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने 24 मई 2026 को एक बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट और उपायुक्त आबकारी, संभागीय उड़नदस्ता इंदौर संभाग इंदरसिंह जामोद के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के नेतृत्व में यह छापामार कार्रवाई की गई। विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कयडावद बड़ी के तीतरिया फलिया क्षेत्र में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। इस सूचना के आधार पर आबकारी दल ने तत्काल उक्त स्थान पर पहुंचकर एक संदिग्ध मकान की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान टीम ने मकान से भारी मात्रा में अवैध विदेशी मदिरा बरामद की। जब्त की गई शराब में मैजिक मोमेंट वोडका की 52 पेटी, लंदन प्राईड व्हिस्की की 20 पेटी, लंदन प्राईड वोडका की 20 पेटी और रॉयल स्टेग व्हिस्की की 22 पेटी शामिल हैं। कुल 114 पेटी शराब जब्त की गई, जिसकी मात्रा 984.96 बल्क लीटर है। इसका अनुमानित बाजार मूल्य 11 लाख 50 हजार 80 रुपये आंका गया है। आरोपी हुए फरार कार्रवाई के दौरान ग्राम कयडावद बड़ी निवासी आरोपी रमण पिता जोगड़ा डामोर मौके से फरार हो गया। आबकारी विभाग ने आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। टीम में ये रहे शामिल सहायक जिला आबकारी अधिकारी महादेव सोलंकी के मार्गदर्शन में इस कार्रवाई को आबकारी उपनिरीक्षक अकलेश सोलंकी ने अंजाम दिया। इस पूरी प्रक्रिया में आबकारी विभाग के राम शर्मा, सोहन नायक, पवन गाडरिया, विजय चौहान सहित वाहन चालक दीपक एवं बहादुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध आने वाले दिनों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Source link
झाबुआ में 11 लाख की अवैध शराब जब्त:गांव में बना रखा था गोदाम, 114 पेटी विदेशी मदिरा बरामद














Leave a Reply