टीकमगढ़ नजाई सब्जी मंडी में व्यवस्था सुधारने की पहल:अतिक्रमण हटाकर धूप में बैठे दुकानदारों को टीनशेड में मिलेगी जगह




टीकमगढ़ की नजाई सब्जी मंडी में सब्जी विक्रेताओं को व्यवस्थित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को नगर पालिका टीम ने भाजपा पार्षद अभिषेक खरे के साथ मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान नए टीन शेड बनाने और पार्किंग के लिए जगह का चयन करने के लिए नापतोल की गई। नियमित सब्जी बेचने वाले दुकानदारों की सूची भी तैयार की जा रही है। भाजपा पार्षद अभिषेक खरे ने बताया कि दो दिन पहले कलेक्टर, नगर पालिका सीएमओ और प्रभारी अध्यक्ष ने मंडी का दौरा किया था। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले सब्जी विक्रेताओं ने शिकायत की थी कि बड़े विक्रेता टीन शेड पर कब्जा कर लेते हैं। वे हाथ ठेले और बकरियां भी बांध देते हैं, जिससे छोटे विक्रेताओं को धूप में बैठना पड़ता है। इस स्थिति से न केवल सब्जी विक्रेताओं को, बल्कि खरीदारों को भी असुविधा होती है। शिकायतों के बाद कलेक्टर ने सीएमओ और प्रभारी अध्यक्ष को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। अभिषेक खरे ने बताया कि नगर पालिका इंजीनियर दीपक विश्वकर्मा के साथ टीम ने सब्जी विक्रेताओं की सूची तैयार की है। नए टीन शेड और पार्किंग के लिए नापतोल की गई है। मंडी परिसर में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण भी है, जिसमें एक पुराना कुआँ भी कचरे से भरकर अतिक्रमित कर लिया गया है। नवीन निर्माण के साथ-साथ अतिक्रमण भी हटाया जाएगा, ताकि सब्जी विक्रेताओं को पर्याप्त छायादार जगह मिल सके। सड़क पर लगने वाले फल के ठेलों को भी मंडी के अंदर शिफ्ट किया जाएगा। फुटकर गल्ला मंडी के दुकानदारों को भी व्यवस्थित किया जाएगा और उनके लिए पीने के पानी तथा शौचालय की व्यवस्था की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *